दून नगर निगम महापौर सौरभ ने किया एबीसी सेंटर एवं कांजी हाउस गौशाला का निरीक्षण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

देहरादून

सोमवार को सौरभ थपलियाल, महापौर नगर निगम देहरादून द्वारा केदारपुर क्षेत्र में संचालित एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता मानकों तथा पशु कल्याण से संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉग शेल्टर बनाने हेतु जगह चिह्नित कर दी गई है और डॉग शेल्टर का निर्माण भी माननीय उच्चतम न्यायालय के गाइडलाइन के अनुरूप शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा। वर्तमान में डॉग कैनल 72 से बढ़कर 300 करने की प्रक्रिया चल रही है। जिन कैनल में अति आक्रामक श्वानों को पकड़ कर रखे जाने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू हो जाएगी।

एबीसी सेंटर का ऑपरेशन थिएटर उच्च गुणवत्ता का है तथा वर्तमान में वहां 20 से 22 सर्जरी की जा रही है माननीय उच्चतम न्यायालय के मंशा अनुरूप इस प्रकार का ऑपरेशन थिएटर देहरादून नगर निगम के लिए एक बहुत अच्छा प्रयास है।

एबीसी सेंटर में जो ट्रेनिंग सेंटर अपग्रेडेशन हो रहा है उसकी अद्यतन स्थिति अच्छी है तथा आने वाले समय में संपूर्ण राज्य देहरादून की ट्रेनिंग हेतु वहां पर कार्य शुरू हो जाएगा।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि शहर में बढ़ती आवारा पशुओं एवं कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए एबीसी सेंटर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, ताकि पशुओं के उपचार, नसबंदी एवं देखभाल की प्रक्रिया व्यवस्थित एवं मानवीय तरीके से संचालित हो सके।

महापौर ने अधिकारियों से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, पशुओं के लिए बनाए जा रहे शेल्टर, ऑपरेशन थिएटर, रिकवरी एरिया तथा चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि पशु कल्याण से जुड़े सभी कार्य संवेदनशीलता एवं वैज्ञानिक पद्धति के अनुरूप किए जाएं, जिससे शहर में मानव-पशु संघर्ष की घटनाओं में कमी लाई जा सके।

इसके उपरांत महापौर द्वारा केदारपुर स्थित कांजी हाउस गौशाला केदारपुर का भी निरीक्षण किया गया। यहां उन्होंने गौशाला में रह रहे निराश्रित एवं घायल पशुओं की देखभाल, चारे-पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशुओं के लिए पर्याप्त पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाए। गौ सदन में पशुओं का रखरखाव उच्च श्रेणी का पाया गया वर्तमान में वहां पर 296 पशु थे।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि देहरादून को स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर बनाने के साथ-साथ पशु संरक्षण भी नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा पशु कल्याण, जनसुरक्षा और पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

मेयर ने यह भी कहा कि एबीसी कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन से आवारा पशुओं की संख्या नियंत्रित होगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। साथ ही गौशालाओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराकर निराश्रित पशुओं के संरक्षण को और मजबूत किया जाएगा।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित निरीक्षण व्यवस्था लागू की जाए तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि पशुओं के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखें तथा नगर निगम के सहयोग से शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में भागीदारी निभाएं।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नमामी बंसल,डॉ.वरुण अग्रवाल पशु चिकित्सक, एवं निर्माण विभाग नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *