राजपुर क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का दून पुलिस का खुलासा, दोनो पक्षों के 4 अभियुक्त गिरफ्तार,आपसी विवाद के चलते हुई फायरिंग की घटना को रोड रेज दिखाने का था प्रयास

देहरादून

सोमवार को समय 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी, गांव मे फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई, सूचना पर तत्काल कंट्रोल द्वारा उच्च अधिकारियों और राजपुर थाना को अवगत कराया गया। घटना की सूचना पर एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी व अन्य अधिकारी एवं राजपुर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। घटना के संबंध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मसूरी रोड पर मालसी के पास गाड़ी को पास न देने को लेकर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार व एक स्कॉर्पियो छ कार में सवार व्यक्तियों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें स्कॉर्पियो छ में सवार व्यक्तियों द्वारा फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसे रुकवाने के लिए उसके टायरो पर फायरिंग की गई।

फायरिंग की घटना में दुर्घटनावश सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति मुकेश कुमार जोशी पुत्र स्वर्गीय गिरीश चंद्र जोशी निवासी तुला अपार्टमेंट जोहड़ी गांव थाना राजपुर देहरादून उम्र 74 वर्ष को गोली लग गई, जिन्हें उनके साथियों द्वारा तत्काल उपचार हेतु मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना में फॉर्च्यूनर वाहन राजकीय प्राथमिक विद्यालय जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया, जिसके बाद स्कॉर्पियो कार में सवार व्यक्तियों द्वारा फॉर्च्यूनर कार में सवार व्यक्तियों के साथ मारपीट करते हुए उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। उक्त घटना में फॉर्च्यूनर कार में सवार 02 व्यक्तियों को चोटें आई है, जिन्हें कार में बैठे उनके 02 अन्य साथियों द्वारा उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो कार में सवार सभी व्यक्ति मौके से फरार हो गए। घटना के सम्बन्ध में मृतक मुकेश कुमार जोशी के साडू भाई श्री राकेश कुमार उप्रेती द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना राजपुर पर मु0अ0सं0: 60/26 धारा: 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। एसएसपी देहरादून व अन्य अधिकारियो द्वारा अस्पताल जाकर घटना से संबंधित व्यक्तियों से जानकारी ली गई।

घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत घटना में शामिल अभियुक्तो की धरपकड हेतु एसएसपी देहरादून द्वारा दिये गये निर्देशो पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया, साथ ही संपूर्ण जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। गठित टीमों द्वारा घटनास्थल व आसपास आने जाने वाले मार्गा पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से घटना में शामिल अभियुक्तों के सम्बन्ध में जानकारी एकत्रित की गई।

घटना के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी हेतु पुलिस द्वारा फार्च्यूनर कार में सवार घायल युवकों के साथियों रोहित कुमार तथा मौ. अखलाक को पूछताछ हेतु चौकी पर लाया गया, जहां उनके द्वारा पहले वाहन को पास न देने को लेकर उक्त घटना के होने की बात बताई गई, संदिग्धता प्रतीत होने पर पुलिस द्वारा दोनो युवकों से सख्ती से पूछताछ की गई तो उनके द्वारा बताया गया कि वे दोनो कुठालगेट स्थित ZEN – Z बार में काम करते हैं तथा दिनांक: 29-03-26 की रात्रि में उनके बार में आये युवकों 01: शान्तनु त्यागी, 02: आदित्य चौधरी, 03: कविश त्यागी व उसके अन्य साथियों का उनके बार मे काम करने वाले युवक मोहित अग्रवाल के साथ बिल कम करने को लेकर विवाद हो गया था, जिसमें उनके द्वारा आदित्य चौधरी के वाहन स्कार्पियो- N का पिछला शीशा फोड दिया था।

घटना के बाद आदित्य चौधरी व उसके साथी उन्हें देख लेने की धमकी देकर मौके से चले गये थे। रात्रि में हुए विवाद के दौरान उनके मोबाइल व चार्जर बार में ही छूट गये थे, जिन्हें लेने के लिये वह बार मालिक की फार्च्यूनर कार से बार तक गये थे, इस दौरान गोली रेस्टोरेंट के पास आदित्य चौधरी व उसके साथियो द्वारा उन्हें कार में जाता देख रोकने का प्रयास किया गया तथा उनके द्वारा अपने वाहन को भगाने पर आदित्य चौधरी व उसके साथियों द्वारा अपने स्कार्पियो वाहन को उनके पीछे तेजी से दौडाते हुए उन पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में दोनो अभियुक्तों द्वारा अपने पास रखे तमंचो से उन पर जवाबी फायर किया गया।

जोहडी गावं के पास वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने तथा आदित्य चौधरी व उसके साथियों के पास आटोमैटिक पिस्टल होने के कारण दोनो अभियुक्त मौके पर अपने साथियों को छोडकर जंगल की ओर भाग गये। उक्त घटना में एक राह चलते व्यक्ति को गोली लगने तथा मौके पर पुलिस के आ जाने के कारण दोनो अभियुक्तों द्वारा अपने पास रखे तमंचो व कारतूस को पास की झाडियों में फेंक दिया तथा पुलिस को रोड रेज के चलते उक्त घटना के होने की झूठी जानकारी दी।

पूछताछ के आधार पर पुलिस द्वारा दोनो अभियुक्तो को मौके से गिरफ्तार करते हुए उनकी निशानदेही पर जोहडी गांव में सडक किनारे झाडियों से घटना में इस्तेमाल किये गये 02 देसी तमंचे तथा 04 जिंदा कारतूस बरामद किये गये तथा अभियुक्तों को घटना में इस्तेमाल किये गये तमंचे उपलब्ध कराने पर ZEN – Z बार के मालिक संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया। साथ ही अभियुक्त के बार ZEN – Z बार को बंद कराते हुए उसे सील करने तथा उसके लाइसेन्स निरस्तीकरण हेतु जिलाधिकारी देहरादून को रिपोर्ट प्रेषित की जा रही है।

अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर प्रकाश में आये स्कार्पियो वाहन सवार व्यक्तियो की तलाश हेतु पुलिस द्वारा सुरागरसी पतारसी करते हुए लगातार सघन चैकिंग अभियान चलाया गया तथा मुखबिर के माध्यम से घटना में शामिल अभियुक्तों के सम्बन्ध में जानकारी एकत्रित की गई। पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही व सघन चैकिंग अभियान के चलते पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन को डोईवाला क्षेत्र में थानो रोड पर एकान्त स्थान पर जंगल से बरामद करते हुए घटना में शामिल 01 अभियुक्त आदित्य चौधरी पुत्र अंकुर चौधरी को ननूरखेडा रायपुर से गिरफ्तार किया गया। अन्य अभियुक्तों की धरपकड के लिये पुलिस टीमों द्वारा लगातार उनके सभी सम्भावित स्थानों पर दबिशें दी जा रही हैं।

अभियुक्तों से पूछताछ तथा बरामदगी के आधार पर अभियोग मे धारा: 3/5/125 बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढोतरी की गई।

पूछताछ का विवरण:-

पूछताछ में अभियुक्त आदित्य चौधरी द्वारा बताया गया कि दिनांक: 29-03-26 की रात्रि वह अपने अन्य साथियों 01: शान्तनु त्यागी, 02: कविश त्यागी 03: समीर चौधरी 04: वैभव तथा एक अन्य साथी के साथ ZEN – Z बार में गया था, जहां बिल कम करने को लेकर उनका बार में काम करने वाले युवकों से झगडा हो गया तथा उनके द्वारा उनके स्कार्पियो वाहन का शीशा तोड दिया गया। मौके पर अन्य लोगों के बीच-बचाव में आ जाने पर वह अपने साथियों के साथ वहां से चला गया।

आज सुबह कुठालगेट क्षेत्र में अपने साथियों के साथ घूमने के दौरान उन्हें फार्च्यूनर कार में उक्त युवक दोबारा दिखाई दिये, जिन्हें सबक सिखाने के लिये उनके द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने अपने वाहन को मालसी से जोहडी गांव की ओर तेजी से भगा दिया, पीछा करने के दौरान उसके साथी शान्तनु त्यागी द्वारा उन्हें रोकने के लिये उन पर अपने पास रखी पिस्टल से फायर कर दिया गया। जिसके बाद उक्त व्यक्तियों द्वारा भी उनके ऊपर अपने पास रखे तमंचो से जवाबी फायर किया।

जोहडी गांव के पास उक्त फार्च्यूनर वाहन के पेड से टकराने पर अभियुक्त तथा उसके साथियों द्वारा अपने वाहन में रखे लोहे की राड तथा लाठी डंडो से फार्च्यूनर में बैठे 02 व्यक्तियों पर हमला कर दिया। इस दौरान फार्च्यूनर सवार 02 अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गये। घटना के बाद अभियुक्त देहरादून से बाहर भागने की फिराक में थे पर पुलिस द्वारा लगातार की जा रही सघन चैकिंग के चलते वह जनपद की सीमा से बाहर नहीं जा पाये तथा उनके द्वारा अपने स्कार्पियो वाहन को डोईवाला क्षेत्र में थानो रोड पर जंगल में एक एकान्त स्थान पर छिपा दिया तथा वहां से अकेले अकेले अलग-अलग माध्यमों से फरार हो गये।

*विवरण गिरफ्तार अभियुक्त:-*

1- रोहित कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी: मोहन गार्डन, उत्तम नगर, दिल्ली, उम्र 20 वर्ष

2- मौ0 अखलाक उर्फ साबिर पुत्र मौ0 सगीर निवासी: ग्रा0 बेहलोता थाना मोरकाही जिला खगरिया बिहार उम्र 23 वर्ष

3- संदीप कुमार पुत्र जगदीश सिंह निवासी: अमर कालोनी मुण्डका नागलोई पश्चिमी दिल्ली (बार संचालक) उम्र 43 वर्ष

4- आदित्य चौधरी पुत्र अंकुर चौधरी निवासी: ननूरखेडा नालापानी, रायपुर, उम्र 20 वर्ष।

*नाम पता वांछित अभियुक्त:-*

01: शान्तनु त्यागी

02: कविश त्यागी

03: समीर चौधरी

04: वैभव।

*बरामदगी:-*

1- 02 तमंचे 315 बोर

2- जिंदा कारतूस – 04

3- खोखा कारतूस – 02

4- स्कार्पियो वाहन बिना नम्बर प्लेट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *