देहरादून/ विकास नगर
एक तरफ बेहतर खनन राजस्व के लिए केंद्र सरकार धामी सरकार को भारी भरकम प्रोत्साहन राशि दे रही है। और खनन करने वाले वन विभाग के कर्मियों पर हमला कर रहे हैं।
देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में बाड़वाला-हरिपुर पुल के पास अवैध खनन की जांच कर रही वन विभाग की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। चकराता वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी राजीव नयन नौटियाल ने कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार 27 फरवरी की शाम करीब 5.30 बजे कालसी से लौटते समय बाढ़वाला क्षेत्र में कर्मचारी हरिपुर से यमुना नदी की ओर जा रहे एक डंपर का वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध करते हुए वन अधिकारी और उनकी टीम से मारपीट की तथा सरकारी कार्य में बाधा डाली।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए भेजा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने बताया कि वन अधिकारी की शिकायत पर मु0अ0सं0 59/26 में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी मनीष चौहान निवासी बड़वाला की तहरीर पर मु0अ0सं0 60/26 दर्ज किया गया है। दोनों मामलों की विवेचना जारी है। उत्तराखंड पुलिस ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।