देहरादून
लोक भवन देहरादून में आयोजित वसंतोत्सव-2026 के प्रथम दिवस पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का मनोहारी प्रदर्शन हुआ। कार्यक्रम में कुमाऊँनी छपेली लोकगीत “गोरख्या चेली भागुली”, गढ़वाली लोकगीत “मेरा बाजू रंगा रंग बिचारी”, जौनसारी छोड़े लोकगीत “को देश को बटोई”, थारू जनजाति का “खेती-खलिहान” लोकगीत “देखो गांव के किनारे” तथा कुमाऊँनी बैठकी होली “मेरी नथ गढ़ दे” आदि रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं।
इन पारंपरिक गीतों एवं नृत्यों के माध्यम से उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति और लोक जीवन का जीवंत चित्रण देखने को मिला। कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, उपस्थित जनसमूह ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, सचिव संस्कृति युगल किशोर पंत, अपर सचिव राज्यपाल रीना जोशी, निदेशक उद्यान एस.एल. सेमवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

