विधानसभा में विधायक हरीश धामी ने पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में ब्लॉक प्रमुख की नागरिकता को लेकर प्रश्न सिंह लगा दिया, वर्तमान ब्लॉक प्रमुख को मूल रूप से नेपाल की निवासी बताया

देहरादून/ भराड़ीसैंण

पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में ब्लॉक प्रमुख की नागरिकता को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। धारचूला से विधायक हरीश धामी ने सदन में बड़ा दावा करते हुए कहा कि वर्तमान ब्लॉक प्रमुख मूल रूप से नेपाल की निवासी हैं और उनके पिता नेपाली नागरिक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नेपाल में उनके परिवार की पुश्तैनी जमीन और संपत्ति आज भी मौजूद है।

विधायक हरीश धामी ने सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त दस्तावेजों का हवाला देते हुए यह मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित महिला द्वारा भारत की अनुसूचित जनजाति (ST) का प्रमाण पत्र बनवाया गया है, जो अनुसूचित जनजाति समुदाय के अधिकारों का हनन और उनका अपमान है। उन्होंने कहा कि यह मामला लोकतांत्रिक प्रक्रिया और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

वहीं, विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से इसकी विस्तृत जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण की सूक्ष्म जांच कर दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपनी चाहिए।

मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और उसकी रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *