देहरादून/ चमोली,थराली
उत्तराखंड में बरसात से हुआ नुकसान का दायरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है।
उत्तरकाशी के धराली में हुई बड़ी दुर्घटना के बाद अब चमोली के थराली में भी देर रात को बादल फटा है। सीएम धामी भीं घटना पर नजर बनाते हुए हैं उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को भी आधी रात के बाद चमोली जिले के थराली कस्बे में बादल फटने से तहसील कैम्पस और एसडीएम आवास के साथ ही कई घरों में मलबा घुस गया। एक महिला के भी मलबे में दबे होने की सूचना भी मिली है।
ब्लॉक प्रमुख थराली प्रवीण पुरोहित के अनुसार यहां लगभग तीन जगह बादल फटने की घटना हुई है,नगर पंचायत थराली अध्यक्ष सुनीता रावत के आवास के पास लगभग 10 से 12 फीट मलबा भरा हुआ है।
एसडीएम आवास की दीवार भी टूटी है। थराली बाजार से थोड़ा पहले काफी दुकानें बह गई हैं।

तहसील मुख्यालय थराली बाज़ार केदारबगढ़, राडिबगढ़, चेपड़ों में भारी नुकसान बताया जा रहा है। पुलिस-प्रशासन की टीम बचाव एवं राहत कार्यों में जुटी है। मलबे में दबने से कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने थराली तहसील के 12वीं तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी डा. संदीप तिवारी ने बताया कि पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर है और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं।