देहरादून
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, उत्तराखंड द्वारा चैत्र नवरात्रि एवं नव संवत्सर के पावन अवसर पर आयोजित मंडल वार पूजन कार्यक्रम रामनवमी के शुभ अवसर पर सफलतापूर्वक एवं भव्य रूप से संपन्न हो गया। प्रदेश के सभी 304 मंडलों में आयोजित इस व्यापक अभियान के अंतर्गत कुल 17,600 मातृशक्ति ने सहभाग किया एवं 3,390 कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान, जागरण और संगठनात्मक सशक्तिकरण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्रि के पावन दिनों में मां दुर्गा की आराधना के साथ महिलाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहा।
उन्होंने बताया कि 21 से 26 मार्च तक चले इस विशेष अभियान में प्रदेशभर में अभूतपूर्व जनभागीदारी देखने को मिली। मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक महिलाओं को जोड़ने के लिए कीर्तन मंडलियों और महिला मंगल दलों द्वारा भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सामूहिक शक्ति पूजन का आयोजन किया गया, जिससे न केवल आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण हुआ, बल्कि महिलाओं में संगठन के प्रति आत्मीयता और एकजुटता भी सुदृढ़ हुई।
रुचि भट्ट ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से महिला मोर्चा ने समाज के प्रत्येक वर्ग की महिलाओं तक पहुंच बनाते हुए उन्हें एक ऐसा मंच प्रदान किया, जहां वे अपनी सहभागिता के माध्यम से सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त कर सकें। उन्होंने विशेष रूप से मातृशक्ति और कन्याओं के पूजन को भारतीय संस्कृति की उस परंपरा का प्रतीक बताया, जिसमें नारी को शक्ति स्वरूपा मानकर सम्मानित किया जाता है।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रदेश की माताओं-बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सक्रिय सहयोग और सहभागिता से ही यह अभियान ऐतिहासिक रूप से सफल हो पाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी महिला मोर्चा इसी प्रकार सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
अंत में उन्होंने पुनः सभी प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि एवं नव संवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना की।

