देहरादून
रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले राजधानी के राजपुर क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक रेस्टोरेंट में विवाद हो गया। रेस्टोरेंट के बाहर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक ने हवा में फायरिंग कर दी और गोली एक युवक को लग गई।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान संभव गुरुंग निवासी अनारवाला, देहरादून के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, संभव गुरुंग अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था, जहां दो युवकों और एक युवती से उसका विवाद हो गया।
विवाद रेस्टोरेंट के बाहर भी जारी रहा और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान, दूसरे पक्ष के एक युवक ने डराने के इरादे से गोली चलाई, जो संभव गुरुंग को लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट टीम ने स्थल की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की। परिजनों की तहरीर पर थाना राजपुर में धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।