देहरादून
ऑप्टो इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री कर्मचारी यूनियन (इन्टक) देहरादून के वार्षिक चुनाव (2026-27) निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अत्यंत शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुए।
इस वर्ष के चुनाव की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि सभी पदों पर प्रत्याशियों को सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया, जो यूनियन के सदस्यों के बीच मजबूत एकजुटता और आपसी विश्वास को दर्शाता है।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों में प्रधान पद पर सौरभ सोनी, उप प्रधान पद पर चंदर सिंह चौहान एवं विक्रम आनंद, महामंत्री पद पर नीरज कान्त त्यागी, संयुक्त मंत्री पद पर नितीश सैनी, संगठन मंत्री पद पर श्रीकिशनु एवं कुलदीप, तथा कोषाध्यक्ष पद पर अरुण सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
यूनियन के पूर्व प्रधान मनोज पुण्डीर को भी मिली अहम ज़िम्मेदारी उन्हें इण्डिया ऑपटेल लिमिटेड देहरादून की ‘आई.आर. मैकेनिजम’ (IR Mechanism) बैठक के लिए मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन कर्मचारियों के हितों को प्रबंधन के समक्ष और अधिक प्रभावी ढंग से रखने में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा कर्मचारी महासंघ (INDWF) के राष्ट्रीय सचिव एवं लगातार चौथे वर्ष नवनिर्वाचित महामंत्री नीरज कांत त्यागी ने सभी सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमारी नई कार्यकारिणी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है एवं बताया कि यूनियन निरंतर कर्मचारियों के हितों और उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। इसी के परिणामस्वरूप संगठन से जुड़ने वाले नए सदस्यों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है और भविष्य में निर्माणी के और भी कई कर्मचारी भारी संख्या में यूनियन से जुड़ने जा रहे हैं।
अंत में, उन्होंने सभी कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आगामी कार्यकाल में कर्मचारियों की किसी भी लंबित समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, उनके अधिकारों की रक्षा और एक बेहतर कार्य-वातावरण के निर्माण हेतु संगठन पूरी तत्परता और नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा।