देहरादून/ उत्तरकाशी
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में बादल फटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने इस आपदा में जन-धन की हानि पर संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए SDRF, NDRF, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं तथा स्थिति की गहन निगरानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता जताई है। साथ ही उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर धराली (उत्तरकाशी) में बादल फटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रदेश सरकार, एस.डी. आर. एफ, सेना और अन्य रेस्क्यू टीमों द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
उत्तराखण्ड में जनपद उत्तरकाशी के धराली गांव में बादल फटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने इस आपदा में जन-धन की हानि पर संवेदना व्यक्त की और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई।
गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा राज्य सरकार को हर संभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपना दौरा स्थगित कर तत्काल देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हैं। केंद्र सरकार की ओर से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा रही है।