देहरादून
प्रदेश की राजधानी दून की सड़कों पर गुरुवार की रात तेज रफ्तार और लापरवाही जिन्दगी के ऊपर भारी पड़ गई। एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब एक बेकाबू इनोवा कार ने कई जिन्दगियां तबाह करने में सिर्फ चंद सेकंड ही लगाए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार इनोवा कार का चालक नशे में धुत था और उसने पहले एक बाइक को भीषण और जोरदार टक्कर मारी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय रोहित फिलिप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अनूप (27) गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
हादसे के बाद भी चालक को होश नहीं आया और बेकाबू कार को आगे बढ़ाते हुए कई अन्य वाहनों को टक्कर मारते हुए अंततः एक घर में कार घुसा दी । घर के अंदर खड़ी एक अन्य कार भी इस टक्कर में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कुछ अन्य लोगों के घायल हुए हैं जिनको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
घायलों को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज में जुटी है। वहीं आरोपी चालक को पुलिस ने हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए कोरोनेशन जिला अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार आरोपी चालक की पहचान गुनीत सिंह के रूप में हुई है, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है इससे पहले शुरुआती जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि बताई जा रही है।
