झारखंड के शूटर्स ने अंजाम दिया दिनदहाड़े दून का चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड, पुलिस को जांच में मिले कई चौंकाने वाले तथ्य,जल्द होगा पूरा खुलासा

देहरादून

उत्तराखंड की राजधानी के पॉश और VIP क्षेत्र राजपुर रोड में हुए विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लग गई है। पुलिस ने वारदात में शामिल शूटरों की पहचान कर ली है और उनके संभावित ठिकानों को लेकर भी अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी होगी और पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।

बताते चलें कि शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से बाहर निकलते समय बदमाशों ने विक्रम शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल होने के बावजूद हमलावरों की ताबड़तोड़ फायरिंग ने उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया और बदमाश वारदात को अंजाम दे मौके से फरार हो गए थे।

जांच में पुलिस ने पाया कि हत्या पूरी तरह प्लानिंग और रेकी करने के बाद की गई थी। शूटर कई दिन से विक्रम शर्मा की रेकी और उनकी दिनचर्या पर नजर रख रहे थे जो कि बाहरी राज्य से बुलाए गए पेशेवर अपराधी थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों शूटर झारखंड से फ्लाइट के जरिए देहरादून पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार से गुरुवार को बाइक और शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे स्कूटी ली गई थी।

स्कूटी ‘आकाश’ नाम और झारखंड के पते पर किराए पर ली गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि दोनों वाहनों के लिए एक ही पहचान पत्र (आधार कार्ड) जमा कराया गया। वाहन हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सामने स्थित दुकान से एक दिन के लिए किराए पर लिए गए थे।

पुलिस के मुताबिक, शूटर जमशेदपुर के वागबेड़ा इलाके के रहने वाले हैं। उनकी पहचान आकाश और आशुतोष के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी के लिए फायरिंग और अन्य गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं। शुक्रवार को देहरादून पुलिस की टीम हरिद्वार पहुंची और वाहन किराए पर देने वालों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *