देहरादून
उत्तराखंड में आबकारी विभाग राज्य सरकार के लिए एक बेहद मजबूत आर्थिक सहारा बनी है। हर वर्ष इस विभाग पर राजस्व जुटाने की बड़ी जिम्मेदारी रहती है। कई बार यह लक्ष्य चुनौतीपूर्ण अवश्य दिखाई देता है, लेकिन विभाग के सक्षम और मेहनती अधिकारियों की बदौलत कठिन कार्य भी तय समय में मुकाम तक पहुंच जाता है।
वित्तीय वर्ष 2025–26 में भी उत्तराखंड सरकार ने आबकारी विभाग को करीब पांच हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व जुटाने की जिम्मेदारी दी गई थी। शुरुआत में यह लक्ष्य काफी बड़ा माना जा रहा था, लेकिन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, बेहतर प्रबंधन और सख्त निगरानी के चलते यह लक्ष्य लगभग पूरा कर लिया गया है। शराब की दुकानों के संचालन, लाइसेंस व्यवस्था, अवैध शराब पर कार्रवाई और राजस्व वसूली की लगातार निगरानी के चलते विभाग पुनः बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार राजस्व लक्ष्य हासिल करने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है। पिछले वित्तीय वर्ष के राजस्व लक्ष्य को हासिल करने के बाद अब सरकार ने अगले वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए भी नया लक्ष्य तय कर दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि आबकारी विभाग अपने अनुभवी और काबिल अधिकारियों की बदौलत इस लक्ष्य को भी हासिल करने में सफल रहेगा।
आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरा विभाग एकजुट होकर काम कर रहा है। विभाग का हर अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ काम कर रहा है जिससे सरकारी खजाने को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने बताया कि अब तक सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य लगभग पूरा कर लिया गया है और आने वाले समय में इसे और बढ़ाने की संभावनाएं भी हैं। विभाग की कोशिश रहती है कि पारदर्शी व्यवस्था के साथ राजस्व में वृद्धि की जाए, ताकि राज्य के विकास कार्यों को गति मिल सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसी तरह विभागीय प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था मजबूत बनी रही तो आने वाले वर्षों में आबकारी विभाग राज्य की आय में और अधिक योगदान दे सकता है। उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य में जहां संसाधन सीमित हैं, वहां आबकारी विभाग से मिलने वाला राजस्व सरकार के लिए काफी अहम भूमिका निभाता है।
कुल मिलाकर आबकारी विभाग न केवल सरकार की कसौटी पर खरा उतर रहा है, बल्कि राज्य के विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहा है।