देहरादून
रेडियो सुनने के शौकीनों का क्रेज आज फिर से बढ़ता नजर आ रहा है। इसके लिए लगातार नए प्रयास जारी हैं। जिसके लिए नए नए एक्सपेरिमेंट किए जा रहे हैं।
आपको बता दे कि यदि आप अपने रेडियोसेट पर 88.8 मेगाहर्ज पर ट्यून करेंगे तो वैज्ञानिक आपसे रूबरू होंगे। वैज्ञानिक आपको न केवल मौसम से संबंधित सभी जानकारियां देंगे बल्कि उनके आविष्कार जनता और समाज के लिए किस तरह से कारगर हैं, ये भी बताएंगे।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में जल्दी ही शुरू होने जा रहा है प्रदेश का पहला साइंस रेडियो स्टेशन। ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसलटेंट्स इंडिया लिमिटेड (बेसिल) ने यूकॉस्ट में राज्य का पहला साइंस कम्यूनिटी रेडियो स्टेशन पूरी तरह से तैयार कर भी दिया है। बेसिल की टीम ने शनिवार को पहली बार इसका ट्रायल किया, जो कि बेहद सफल रहा। यूकॉस्ट परिसर में ट्रांसमीटर के साथ ही टावर भी लग चुका है।
यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने ट्रायल के दौरान रेडियो स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद जानकारी देते हुए बताया कि इस रेडियो स्टेशन पर देश-प्रदेश के वैज्ञानिकों को आमंत्रित किया जाएगा। यहां पर बताया जायेगा कि साइंस किस तरह से आमजन के लिए काम कर रहा है और उनके जीवन को किस प्रकार से सरल बना रहा है।
यूकॉस्ट की एक टीम छात्र-छात्राओं में विज्ञान की रूचि पैदा करने के लिए प्रतिदिन लगभग दो घंटे का जागरूकता कार्यक्रम प्रसारित करेगी। इसके अलावा विज्ञान से जुड़े पहलुओं को इसमें शामिल किया जाएगा। यूकॉस्ट पूरे सप्ताह का शेड्यूल तय कर चुकी है।
प्रदेश भर के शिक्षण संस्थानों के प्रोफेसर शोध, अनुसंधान कर रहे हैं उनको यहां आमंत्रित किया जाएगा। वे स्टूडेंट्स को अपने शोध की जानकारी देंगे।
इन दिनों प्रदेश के राज्यपाल के निर्देश पर वन यूनिवर्सिटी-वन रिसर्च के तहत सभी सरकारी और निजी वयूनिवर्सिटी शोध कर रहे हैं। ये यूकॉस्ट के रेडियो स्टेशन पर अपने शोध की समाज के लिए उपयोगिता को बताएंगे।