उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को।सरकार के 4 साल पूरे होने पर मिल रही शुभकामनाएं और बधाइयां

देहरादून

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश सरकार के 4 साल पूरे होने पर शुभकामनाओ और बधाइयों का तांता लगा हुआ है।

पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राज्य सरकार के सफल चार वर्ष पूर्ण होने पर अपने संदेश में कहा “मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने सुशासन, साहसिक निर्णयों और जनसेवा के प्रति अटूट संकल्प के साथ एक नई दिशा प्राप्त की है।”

“समान नागरिक संहिता से लेकर भ्रष्टाचार पर सख़्त कार्यवाही, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, धार्मिक पर्यटन और औद्योगिक निवेश तक—हर क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड आज एक आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सांस्कृतिक रूप से जागरूक राज्य के रूप में देश का मार्गदर्शक बन रहा है।

भाजपा महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल का कहना है कि स्वयं सहायता समूह को आर्थिक मदद ,गौरा देवी कन्या योजना ,सहकारिता में महिलाओं के लिए आरक्षण, महिला सारथी योजना, मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना ,एकल महिला रोजगार योजना ,जल सखी योजना के साथ यूसीसी और कई बड़ी योजनाओं की शुरुआत की। महिलाओं के उत्थान के लिए वन स्टाफ केंद्र की स्थापना की गई प्रदेश में एकल रहने वाली महिलाओं के साथ कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल का इंतजाम किया गया।

प्रदेश की एकल महिलाओं को रोजगार के लिए दो_ दो लाख सरकार उपलब्ध कराएगी जिसमें 75 फ़ीसदी सब्सिडी होगी।उत्तराखंड में 67 हजार स्वयं सहायता समूह है जिसमें 5 लाख 60 हजार महिलाएं कार्यरत है, जबकि 1 लाख 63 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी है सरकार का लक्ष्य है अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जाए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री धामी को उत्तराखंड की सेवा में सफलतापूर्वक चार वर्ष पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही कहा, उनके नेतृत्व में राज्य आज विकास की नई नई ऊंचाईयों को प्राप्त करता हुआ विकसित भारत निर्माण में सहभागी बन रहा है।

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सीएम पुष्कर धामी का यह कार्यकाल केवल एक समयावधि नहीं, बल्कि उत्तराखंड के नव निर्माण, नीतिगत दृढ़ता और विकासशील विजन का प्रतीक बन चुका है। इन वर्षों में उन्होंने जिस प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया, उसने उत्तराखंड की राजनीति और प्रशासन को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का ऐतिहासिक कदम उठाया। यह निर्णय भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता और संवैधानिक दृष्टिकोण का प्रमाण है।

इसी तरह भू-कानून पर लिया गया ऐतिहासिक निर्णय राज्य की सांस्कृतिक अस्मिता, पर्यावरणीय संतुलन और स्थानीय हितों की रक्षा के प्रति उनकी सोच को दर्शाता है।

उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री धामी का यह कार्यकाल उत्तराखंड की पहचान, सुरक्षा और समृद्धि का प्रतीक बन चुका है। वहीं भरोसा दिलाया कि यह उपलब्धियाँ सिर्फ एक अध्याय हैं, उनके नेतृत्व में उत्तराखंड निश्चित ही और भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक खजान दास ने धामी सरकार के चार वर्षों को स्वर्णिम उत्तराखंड की नींव रखने वाला बताया है। कहा, उनके अथक प्रयासों और कर्मठता का नतीजा है कि विकसित राज्य बनने का लक्ष्य अब संभव नजर आने लगा है। यूसीसी, धर्मांतरण कानून, दंगारोधी कानून, सख्त भू कानून के अतिरिक्त अनेकों विकास के कार्यों से आज उत्तराखंड की तस्वीर बदली है। नकल कानून के संरक्षण में हम 23 हजार युवाओं को नियुक्ति देने में सफल हुए। प्रबंधन और सुरक्षा के कारण, चार धाम यात्रा नए नए रिकॉर्ड तोड़ रही है। प्रदेश में यात्रा को लेकर माहौल और व्यवस्था इतनी बेहतर हुई कि हम शीतकालीन यात्रा को सुचारू प्रारंभ कराने में सफल हुए। इस दौरान बहुत सी उपलब्धियां हमने हासिल की, जिसमें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन, जी-20 देशों की बैठक का आयोजन, जीईपी इंडेक्स में शानदार प्रदर्शन, एसडीजी इंडेक्स में उत्तराखंड का पहला स्थान जैसे अनिगनत कार्यों ने राज्य की विशेष पहचान को स्थापित किया है।

राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल ने मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल को राष्ट्रीय फलक पर छाने वाला बताया है। समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण रोकथाम कानून, दंगरोधी कानून लागू कर राज्य की डेमोग्राफी बदलने की साजिशों और लव, लैंड, थूक जिहाद पर लगाम लगाई गई है। इसी तरह मातृ शक्ति के सशक्तिकरण हेतु 33 फीसदी आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, राज्य आंदोलनकारियों को सम्मान देते हुए सरकारी नियुक्तियां में 10 फीसदी आरक्षण दिया गया है।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बिशन सिंह चुफाल ने धामी के बतौर मुख्यमंत्री 4 सालों को साहसिक निर्णयों से राज्य को नई पहचान देने वाला बताया है। उन्होंने कहा, जिस तरह वह पीएम मोदी के मार्गदर्शन और नीतियों को जमीन पर उतार रहे हैं उससे देवभूमि, विकास और विरासत का रॉल मॉडल बनकर देश में स्थापित हुआ है। आज मानसखंड मंदिर योजना से यहां के मठ, मंदिरों और अध्यात्मिक स्थलों का कायाकल्प हो रहा है, जिससे ये सभी स्थान आज श्रद्धालुओं से गुलजार हैं। प्रदेश में सड़क, हवाई, रेल कनेक्टिविटी की तरह आधारभूत ढांचे में भी जो आमूलचूल परिवर्तन आया है उससे पर्यटन व्यवसाय के माध्यम से स्थानीय आर्थिकी भी समृद्ध हुई है।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बंशीधर भगत ने कहा, इन चार वर्षो में पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड को विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर किया है। देवभूमि छवि को बरकरार रखने के लिए धामी सरकार ने अनेकों ऐतिहासिक और कड़े कदम उठाए, जिससे राज्य की डेमोग्राफी बदलने का षड्यंत्र रचने वाले लोगों पर लगाम कस गई है। हम यूसीसी से सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों को एक समान कानून में पिरोने में कामयाब रहे हैं। अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में उन्होंने प्रदेशवासियों के लगभग हर सपने को पूरा करने का काम किया है। उनकी कोशिशों का ही नतीजा है कि आज जनता विकास और जनकल्याण को लेकर प्रदेश की दिशा और गति दोनों से पूरी तरह संतुष्ट है।

उत्तराखण्ड राज्य उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. देवेन्द्र भसीन ने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि ये चार वर्ष ऐतिहासिक उपलब्धियों के वर्ष हैं। आज एक बयान में डॉ. देवेन्द्र भसीन ने कहा कि वैसे तो धामी की उपलब्धियों की शृंखला बहुत बड़ी है, लेकिन यदि अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख किया जाए तो प्रदेश में लागू समान नागरिक संहिता UCC ने इतिहास की रचना की है। इसकी चर्चा देश ही नहीं विदेशों में भी है। धामी ने सख्त नकल विरोधी कानून पारित कर देश के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। उत्तराखण्ड में स्वरोजगार की दिशा उल्लेखनीय प्रगति हुई है। राज्य में हुई ग्लोबल इनवेस्टर समिट के परिणाम स्वरूप एक लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव की ग्राउंडींग हो चुकी है जिससे रोजगार के और अवसर पैदा हो रहे हैं। डॉ. भसीन ने आगे कहा कि मुख्य मंत्री ने महिला, युवा, किसान, सैनिक सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। अंत्योदय उनके कार्यो की दिशा है।अवस्थापना विकास, सड़क रेल वायु कनेक्टिविटी की दिशा में चल रहे कार्य सबके सामने हैं। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से प्रदेश में मोदी-धामी नेतृत्व की डबल इंजन सरकार प्रदेश को नई ऊंचाई की ओर ले जा रही है।

प्रदेश की बीस सूत्रीय के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला ने मुख्यमंत्री धामी के 4 वर्ष को ऐतिहासिक उपलब्धियां का कालखंड बताया है। उन्होंने बधाई देते हुए कहा, आज उनकी सरकार की नीतियों से प्रदेश का चौमुखी विकास हो रहा है। प्रदेश की जीडीपी, राजस्व वृद्धि के अतिरिक्त विकास के सभी मानकों पर हम लगातार नए आंकड़े छू रहे है। नीति आयोग से लेकर देश की बड़ी-बड़ी एजेंसियां आज उत्तराखंड को शीर्ष रैंकिंग दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.