देहरादून/अल्मोड़ा
उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर हादसों के सिलसिले कभी नहीं थमते नहीं नजर आए। ताज़ी घटना में शुक्रवार दोपहर अल्मोड़ा जिले के एक दुर्गम मोटर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक यात्री पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उस वक्त हुआ जब संकरे रास्ते पर सामने से आ रही एक बस को पास देने की कोशिश में पिकअप का पहिया सड़क से नीचे उतर गया। इस दुर्घटना में वाहन के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी में सवार पांच यात्री पिकअप के मलबे और भारी टायरों के नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। एक तीखे मोड़ पर सामने से अचानक एक बड़ी बस आ गई। मार्ग संकरा होने के कारण पिकअप चालक ने वाहन को किनारे दबाने की कोशिश की, लेकिन कच्ची पगडंडी धंसने से गाड़ी सीधे गहरी खाई में समा गई।
वाहन के खाई में गिरते ही आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड पड़े। खाई की गहराई और ढलान अधिक होने के कारण राहत कार्य में शुरुआत में काफी मुश्किलें आईं।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुँचीं। रेस्क्यू की स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बनी है।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पिकअप का ढांचा पूरी तरह पिचक गया और पांच यात्री गाड़ी के मुख्य हिस्से के नीचे बुरी तरह फंस गए। दबे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीमें गैस कटर और हाइड्रोलिक जैक का उपयोग कर रही हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से कुछ घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुँचाया गया है, जिन्हें एंबुलेंस के जरिए नजदीकी बेस अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दबे हुए यात्रियों की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।
अल्मोड़ा जिला मजिस्ट्रेट ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और आपदा प्रबंधन टीम को मौके पर ही डटे रहने के निर्देश दिए हैं।
यदि घायलों की स्थिति और बिगड़ती है, तो उन्हें हायर सेंटर रेफर करने के लिए हेली-एंबुलेंस की व्यवस्था करने पर भी विचार किया जा रहा है।