देहरादून
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर निगम देहरादून द्वारा शहर की नदियों एवं जलधाराओं के संरक्षण एवं पुनर्जीवन हेतु “100 Days One Mission – Reviving Our Rivers” अभियान का शुभारंभ बुधवार को महापौर सौरभ थपलियाल के नेतृत्व में रिस्पना नदी से किया गया। अभियान के तहत रिस्पना नदी में विशेष सफाई अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा, ठोस अपशिष्ट एवं अन्य अवांछित सामग्री को हटाया गया।
इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को नदी एवं नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिस्पना नदी देहरादून की पहचान एवं जीवनरेखा है, इसके संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने मानसून से पूर्व नदी-नालों से कचरा एवं मलबा हटाने, जनसहभागिता बढ़ाने तथा जलधाराओं में कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त जलधाराएं आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी जिम्मेदारी हैं। नगर निगम द्वारा आगामी 100 दिनों तक शहर की प्रमुख नदियों एवं नालों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा ताकि जल स्रोतों का संरक्षण किया जा सके और शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाया जा सके।
अभियान के तहत 10 जेसीबी मशीनों, 10 डंपरों, 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों एवं बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों को लगाया गया एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण भी सुनिश्चित किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी आशीष चौहान एवं नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
महापौर सौरभ थपलियाल ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे नदियों, नालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा, प्लास्टिक अथवा निर्माण मलबा न डालें तथा स्वच्छ एवं सुंदर देहरादून के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

