7और 8अक्टूबर को होगा दून के FRI में 49वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस का आयोजन..DGP अशोक कुमार

देहरादून

49वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस (AIPSC) का आयोजन उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा वन अनुसंधान संस्थान देहरादून में 07 एवं 08 अक्टूबर, 2023 को किया जायेगा। Policing in Amrit Kaal थीम पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार की संस्था पुलिस विकास एवं अनुसंधान ब्यूरो (BPR&D) के तत्वावधान में इसे आयोजित कराया जा रहा है। 12 वर्षों के लम्बे अन्तराल के पश्चात् श्री अशोक कुमार, पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड की पहल पर इसे अपने राज्य में कराने का सुअवसर प्राप्त हो रहा है। इससे पूर्व 41वें AIPSC का आयोजन 21 से 23 जून, 2011 के मध्य वन अनुसंधान संस्थान देहरादून में ही कराया गया था।

49वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस का उद्घाटन शनिवार, 7 अक्टूबर, 2023 को वन अनुसंधान संस्थान के दीक्षांत हॉल में पूर्वाहन में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अमित शाह, गृह मंत्री, भारत सरकार ने मुख्य अतिथि बनने के लिए सहमति दे दी है,और मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी अतिविशिष्ट सम्मानित अतिथि होंगे। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने एवं अपने विचार प्रस्तुत करने हेतु पूरे देशभर से पुलिस अधिकारी, शिक्षाविद्, शोधकर्ता, न्यायविद, विज्ञान विशेषज्ञ तथा दूसरे हितधारक उपस्थित होंगे।

समापन समारोह रविवार, 8 अक्टूबर, 2023 को भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (ICFRE) सभागार में सायं 4 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल उत्तराखण्ड लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने मुख्य अतिथि बनने के लिए सहृदय सहमति दे दी है।

49वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस (AIPSC) के सम्बन्ध में-

BPR&D द्वारा AIPSC का पहली बार आयोजन वर्ष 1960 में बिहार में किया गया था। तब से इसे अभी तक 48 बार विभिन्न राज्यों में आयोजित किया जा चुका है। विभिन्न राज्य पुलिस बलों तथा केन्द्रीय पुलिस संगठनों के साथ विचार-विमर्श कर BPR&D प्रत्येक AIPSC के विषय निर्धारित करता है। इन्हीं निर्धारित विषयों पर पेपर आमंत्रित किये जाते हैं तथा चर्चा एवं नीति निर्धारण के सुझाव केन्द्रित होते हैं।

अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस एक रचनात्मक मंच है। इसका उद्देश्य पुलिस कार्य क्षेत्र में नई सोच एवं समन्वय को प्रोत्साहित करते हुए पुलिस के लिए सामयिक हित के विभिन्न मुद्दों पर एक नया दृष्टिकोण विकसित करना और पुलिस अधिकारियों, सामाजिक वैज्ञानिक, फोरेंसिक वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञों एवं विषय विशेषज्ञों के आज की महत्वपूर्ण पुलिस चुनौतियों के कारगर समाधान विकसित करना भी है।

विगत अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस भोपाल (मध्य प्रदेश) में आयोजित की गई थी जो 22 से 23 अप्रैल, 2022 तक मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित की गई थी।

49वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस (AIPSC) के लिए अशोक कुमार, पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड की अध्यक्षता में एक आयोजन समिति गठित की गयी है, जो समस्त तैयारियों का पर्यवेक्षण कर रही है। बरिन्दरजीत सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक, प्रशिक्षण इसके आयोजन सचिव हैं।

समिति के अन्य सदस्य पीवीके प्रसाद, अपर पुलिस महानिदेशक, पीएसी, अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक, अभिसूचना एवं सुरक्षा,अमित सिन्हा, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन,

वी मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस दूरसंचार,

एपी अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, विम्मी सचदेवा, पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय,मुख्तार मोहसिन, पुलिस महानिरीक्षक/निदेशक यातायात, करन सिंह नगन्याल, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र, एन एस नपलच्याल, पुलिस महानिरीक्षक, सीआईडी, सेंथिल अबुदेई कृष्ण राज एस, पुलिस उप महानिरीक्षक, पी/एम, योगेन्द्र सिंह रावत, पुलिस उप महानिरीक्षक, कुमाऊँ परिक्षेत्र, निवेदिता कुकरेती, पुलिस उप महानिरीक्षक, फायर सर्विस, पी0 रेणुका देवी, पुलिस उप महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, दलीप सिंह कुंवर, पुलिस उप महानिरीक्षक, अभिसूचना हैं।

49वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस के दौरान एक टेकनिकल एग्जीबिशन का भी आयोजन किया जाएगा। एग्जीबिशन में बेहतर पुलिसिंग के लिए विभिन्न नवीनतम उपकरण प्रदर्शित किए जांएगे। एग्जीबिशन को देखने के लिए देहरादून के विभिन्न स्कूल एवं कॉलेजों के छात्रों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.