देहरादून/हल्द्वानी
उत्तराखंड का एक और लाल ने देश सेवा करते हुए अपनी शहादत दे दी। मणिपुर में तैनात अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर निवासी जवान कमल के सिर पर गोली लग गई। बताया जा रहा है कि आज उनका पार्थिक शरीर उनके घर सोमेश्वर पहुंचेगा।
बेटे की शहादत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर तहसील के चनौदा, बूंगा निवासी कमल सिंह भाकुनी उम्र 24 वर्ष ड्यूटी के दौरान शहीद हो गये। उन्हें संदिग्ध हालात में गोली लगी। कमल 16 कुमाऊं रेजीमेंट के जवान थे, जो वर्तमान में मणिपुर में तैनात थे। बताया जा रहा है कि 25 दिन पहले ही वह अवकाश के बाद ड्यूटी पर लौटे थे। कमल चार साल पहले ही भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। अपने पुत्र की शहादत की खबर सुनकर माता-पिता सदमे से बेसुध हो गए। जवान के शहीद होने की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहीद जवान कमल के पिता चंदन सिंह भाकुनी गांव में ही खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि माता दीपा भाकुनी गृहणी हैं और उनका बड़ा भाई प्रदीप भाकुनी भी भारतीय सेना में है।
शहीद का पार्थिव शरीर आज देर शाम सोमेश्वर लाया जाने की उम्मीद की जा रही है। गोली कैसे लगी, इसकी स्पष्ट अधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है।