डीएम बंसल ने शिकायत पर लिया बड़ा एक्शन,आंगनवाड़ी केंद्रों को सप्लाई करने वाले गोदाम पर मारा छापा,कई अनियमितताएं मिली,वितरित जांच के आदेश – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

डीएम बंसल ने शिकायत पर लिया बड़ा एक्शन,आंगनवाड़ी केंद्रों को सप्लाई करने वाले गोदाम पर मारा छापा,कई अनियमितताएं मिली,वितरित जांच के आदेश

देहरादून

आंगनबाड़ी केंद्रों पर आपूर्ति की जा रही खाद्य सामग्री की खराब गुणवत्ता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने रुड़की के माड़ी चौक स्थित सेंट्रल गोदाम पर बड़ा एक्शन लेते हुए अचानक छापेमारी कर दी।

बताते चलें कि यह गोदाम गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आंगनबाड़ी केंद्रों में राशन आपूर्ति के लिए उपयोग में लाया जाता है।

छापेमारी के दौरान गोदाम में कई बड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में खजूर और केले के चिप्स के पैकेट पर अंकित मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट्स संदिग्ध पाई गई। कई पैकेटों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट्स का उल्लेख ही नहीं था, जबकि कुछ पैकेटों पर छपी हुई तिथि के स्थान पर स्टैंप से तिथि अंकित की पाई गई।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दिसंबर और जनवरी माह के अंडे तथा अन्य खाद्य सामग्री मार्च माह में आंगनबाड़ी केंद्रों को वितरित की जा रही थी, जिससे उनकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।

अंडों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई। गोदाम का संचालन भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला। गोदाम में तापमान नियंत्रित रखने की कोई व्यवस्था नहीं थी और रजिस्टर भी अद्यतन नहीं पाए गए। साथ ही सामग्री आपूर्ति करने वाली संस्था द्वारा जारी गुणवत्ता प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके।

निरीक्षण के दौरान गोदाम में बाल श्रमिक भी कार्य करते पाए गए, जिस पर डीएम ने कड़ी नाराज़गी जताते हुए गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।

इस दौरान डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए रवाना हो रहे वाहनों को भी रुकवाकर खाद्य सामग्री की सैंपलिंग करवाई। ये वाहन टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला के लिए सामग्री लेकर निकलने वाले थे।

छापेमारी के समय उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र देव और कानूनगो रुड़की संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *