शुक्रवार को केदारताल रेस्क्यू अभियान में 3 पुरुषों के शव बरामद, अभियान में अब तक कुल 7 शव बरामद हो चुके हैं जिनमें 5 पुरुष एवं 2 महिलाएं शामिल,एक अन्य लापता की तलाश में अभियान जारी – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

शुक्रवार को केदारताल रेस्क्यू अभियान में 3 पुरुषों के शव बरामद, अभियान में अब तक कुल 7 शव बरामद हो चुके हैं जिनमें 5 पुरुष एवं 2 महिलाएं शामिल,एक अन्य लापता की तलाश में अभियान जारी

देहरादून/उत्तरकाशी

उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक क्षेत्र में भारी हिमपात एवं विषम मौसमी परिस्थितियों के चलते लापता ट्रेकर्स एवं सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश के लिए SDRF एवं NIM की संयुक्त टीम द्वारा सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

शुक्रवार 6 नवंबर 2026 को सैटेलाइट फोन के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर SDRF एवं NIM की संयुक्त टीम ने लापता व्यक्तियों के संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया गया।

इस दौरान हिमस्खलन की चपेट में आकर बर्फ में दबे 3 पुरुषों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए। रेस्क्यू टीम द्वारा सभी शवों को सुरक्षित बेस कैंप पहुंचाया गया, जहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड, उत्तरकाशी लाया गया। इसके उपरांत शवों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व संचालित सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के दौरान 04 शव बरामद किए जा चुके थे, जिनमें 02 पुरुष एवं 02 महिलाएं शामिल थीं।

शुक्रवार को 03 पुरुषों के शव बरामद होने के साथ ही अभियान में अब तक कुल 07 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें 05 पुरुष एवं 02 महिलाएं शामिल हैं।

इस प्रकार केदारताल ट्रेक पर लापता कुल 08 व्यक्तियों में से अब तक 07 के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 01 अन्य लापता व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान निरंतर जारी है।

सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशन में SDRF की टीमें अत्यंत दुर्गम एवं उच्च हिमालयी क्षेत्र में प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच NIM एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए रेस्क्यू अभियान को अंजाम दे रही हैं।

कठिन परिस्थितियों के बावजूद SDRF की टीमें शेष लापता व्यक्ति की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *