देहरादून
औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में तेल उत्खनन (ऑयल रिग) के उपकरण बनाने वाली एक कंपनी पर राज्य कर (स्टेट जीएसटी) विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। जांच के दौरान कर चोरी के ठोस सबूत मिलने पर कंपनी और उससे जुड़ी फर्मों को मौके पर ही 3.4 करोड़ रुपये जमा कराने पड़े।
आयुक्त राज्य कर सोनिका के निर्देश पर 7 टीमों ने एक साथ छापा मारा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कंपनी लंबे समय से टैक्स चोरी के लिए फर्जी खरीद दिखाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का गलत फायदा उठा रही थी। दस्तावेजों में इस तरह दर्शाया जा रहा था कि कंपनी ने खरीद पर टैक्स चुकाया है, जबकि वास्तविकता में लेन-देन संदिग्ध पाया गया। इसी आधार पर टैक्स देनदारी कम दिखाई जा रही थी।
उपायुक्त सुरेश कुमार ने बताया कि जब्त किए गए रिकॉर्ड की विस्तृत जांच जारी है और आशंका है कि कर चोरी की राशि और अधिक निकल सकती है। जिसकी वसूली अर्थदंड और ब्याज के साथ की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपायुक्त सुरेश कुमार, विजय कुमार, टीआर चन्याल, अलीशा बिष्ट, असद अहमद, बीएस जंगपांगी आदि शामिल रहे।