देहरादून
उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, अध्यक्ष संजय नेगी की अध्यक्षता में सोमवार को कार्यालय में आयोग को प्राप्त विभिन्न शिकायती प्रकरणों पर सुनवाई की गई।
आयोग द्वारा सतबीर सिंह, बाजपुर, उधमसिंहनगर, संतोष देवी, बिजनौर, उत्तर प्रदेश, चेतन, उधमसिंहनगर, कुलदीप सिंह, चमोली, ईशम सिंह, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश कुल 06 शिकायती प्रकरणों पर सुनवाई की गई। सुनवाई में आयोग द्वारा सर्वप्रथम शिकायतकर्ताओं का पक्ष सुना गया। सतबीर सिंह, बाजपुर, उधमसिंहनगर के धोखाधड़ी संबंधी शिकायती प्रकरण पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उधमसिंहनगर की ओर से प्रतिनिधि के रूप में मुकेश चन्द्र, अपर उप निरीक्षक, केलाखेड़ा उपस्थित हुए। विभाग की ओर से उपस्थित प्रतिनिधि द्वारा सुनवाई में विभाग का पक्ष रखा गया, जिससे मा० अध्यक्ष जी संतुष्ट नहीं हुए तथा प्रकरण के संबंध में अध्यक्ष द्वारा दूरभाष पर विभव सैनी, क्षेत्राधिकारी, बाजपुर से वार्ता कर कड़े निर्देश दिए गए कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर प्रार्थी का पक्ष सुनते हुए 15 दिवस के भीतर वस्तु स्थिति से आयोग को अवगत कराएं।
संतोष देवी, बिजनौर, उत्तर प्रदेश के अवशेष देयकों संबंधी शिकायती प्रकरण पर मुख्य शिक्षा अधिकारी, उधमसिंहनगर की ओर से प्रतिनिधि गिरीश चन्द्र आर्य, वित्त अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, उधमसिंहनगर तथा शिकायतकर्ता उपस्थित हुए। आयोग द्वारा दोनों पक्षों को सुना गया तथा दोनों पक्षों को सुनने के पश्चात् विभाग को निर्देश दिए गए कि प्रार्थी को वर्तमान तक कौन-कौन से देयक दिए गए हैं, के संबंध में तालिका में सूचना आयोग को उपलब्ध कराएं। मनवीर सिंह एवं ईशम सिंह के मृतक आश्रित नियुक्ति संबंधी शिकायती प्रकरण पर मुख्य शिक्षा अधिकारी, उधमसिंहनगर के सुनवाई में उपस्थित न होने पर अध्यक्ष द्वारा रोष व्यक्त किया गया है। विभाग की और से महबूब अली, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित हुए।
सुनवाई में अध्यक्ष द्वारा कहा गया कि इतनी लम्बी अवधि के बाद भी विभाग द्वारा प्रकरण का निराकरण करने में कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं की जा रही प्रतीत होती है, जो कि खेद का विषय है तथा अन्य पिछड़े वर्ग के व्यक्ति के साथ घोर अन्याय है।
सुनवाई के दौरान आयोग अध्यक्ष द्वारा विभाग को निर्देश दिए गए कि प्रार्थी के प्रकरण पर तत्काल नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही कर आयोग को अवगत कराएं।
कुलदीप जनपद चमोली के अन्य पिछड़ा वर्ग के जाति प्रमाण पत्र संबंधी शिकायती प्रकरण पर तहसीलदार, नारायणबगड़ को सख्त निर्देश दिए गए कि तत्काल प्रार्थी का अन्य पिछड़ा वर्ग का जाति प्रमाण पत्र नियमानुसार जारी कर यथा स्थिति से आयोग को अवगत कराएं। चेतन जनपद उधमसिंहनगर के मारपीट संबंधी शिकायती प्रकरण पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उधमसिंहनगर द्वारा आयोग को अवगत कराया गया कि वर्तमान में दोनों पक्षों का आपस में समझौता हो गया है तथा प्रकरण निस्तारित करने के निर्देश अध्यक्ष द्वारा दिए गए।
सुनवाई के दौरान आयोग के उपाध्यक्ष श्याम डोभाल, सचिव गोरधन सिंह,सदस्य महेन्द्र कुमार वर्मा, विनोद नाथ, सतीश पाल, मोहब्बत सिंह नेगी, सज्जाद अहमद, प्रहलाद चौधरी, डा. जैडए अंसारी, उमेद चन्द्र रमोला, रूचि गिरी शर्मा, तथा कार्मिक गोपाल, विजय लक्ष्मी आदि उपस्थित थे।