ऑनलाइन गेमिंग में फंसे छात्र ने वीडियो बनाकर दे दी जान,सोशल मीडिया में हो रही वीडियो वायरल – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

ऑनलाइन गेमिंग में फंसे छात्र ने वीडियो बनाकर दे दी जान,सोशल मीडिया में हो रही वीडियो वायरल

देहरादून/नैनीताल

कालाढूंगी में 17 वर्षीय किशोर द्वारा जहरीले पदार्थ के सेवन से मृत्यु हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पॉलीटेक्निक का छात्र ऑनलाइन गेम के चक्कर में कर्ज में फंसा हुआ था। घटना कोटाबाग की बताई ग़ई है। इस मामले में किशोर ने एंबुलेंस, अस्पताल में ही बेड पर वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में उसने एक युवक पर उधारी के लिए परेशान करने का आरोप भी लगाया है। किशोर के पिता ने कोटाबाग के एक युवक पर उसके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

घटनाक्रम के अनुसार कोटाबाग में एक वन पंचायत के सरपंच का बेटा पॉलीटेक्निक में प्रथम वर्ष का छात्र था। बुधवार सुबह करीब सात बजे किशोर ने अचानक घर पर ही कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसके बाद पिता उसको सीएचसी कोटाबाग लेकर पहुंचे। यहां उपचार के बाद एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पॉलिटेक्निक छात्र के परिजन शव को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मृतक के पिता ने कहा कि कालाढूंगी, कोटाबाग में जगह-जगह जुआ, सट्टा, ऑनलाइन गेम चल रहे हैं लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेटे पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का दबाव बनाया गया। इसकी रिकॉर्डिंग उन्होंने पुलिस को सौपी है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाए उनके घर जाकर छोटे बेटे से बड़े बेटे का मोबाइल छीना और अपने साथ ले गए। उन्होंने कहा कि आज उनके साथ ये घटना घटी है, कल किसी और के साथ घटेगी। प्रशासन को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी को बचाया सके।

वहीं किशोर को उधार देने वाले युवक ने आरोपों को नकारते हुए वीडियो जारी कर कहा कि उसने पैसे के लिए किशोर को डराया धमकाया नहीं। युवक ने कहा कि उससे एक-एक हजार करके तीन हजार रुपये लिए गए थे। दोस्ती यारी में उसने पैसे दिए। इसके बाद वह पांच हजार रुपये और मांग रहा था, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल का फॉरेंसिक टीम ने जायजा लिया है। ई-साक्ष्य के माध्यम से घटना स्थल का निरीक्षण एवं अन्य कार्रवाई की जा रही है। परिवार एवं अन्य लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। ऑनलाइन गेमिंग और पैसे के लेनदेन की बात सामने आ रही है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *