श्रद्धा और विश्वास के बीच चारधाम यात्रा में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी, यमुनोत्री-गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या हुई 5 लाख पार – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

श्रद्धा और विश्वास के बीच चारधाम यात्रा में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी, यमुनोत्री-गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या हुई 5 लाख पार

देहरादून/उत्तरकाशी

19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा के दौरान जिले के दोनों पावन धामों में एक माह के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या पांच लाख से अधिक पहुंच गयी है। दोनों धामों में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आवाजाही के बीच प्रशासन द्वारा सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

प्रशासन द्वारा यात्रा पूरी तरह सुचारु, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित की जा रही है। यात्रा के दौरान अब तक दोनों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या 5.20 लाख के पार पहुंच चुकी है। यमुनोत्री धाम में अभी तक 262275 श्रद्धालु तथा गंगोत्री धाम में 258716 श्रद्धालु दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर चुके हैं। अभी तक दोनों धामों में कुल 51068 छोटे–बड़े वाहनों से कुल 520991 श्रद्धालु पहुंचे हैं। यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है तथा बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु निरंतर धामों की ओर पहुंच रहे हैं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के कुशल निर्देशन एवं सतत मॉनिटरिंग में यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम चाक-चौबंद किए गए हैं। यात्रा मार्गों पर यातायात संचालन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत, सफाई एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आज जारी यात्रा बुलेटिन के अनुसार यमुनोत्री धाम में 15030 तथा गंगोत्री धाम में 13737 श्रद्धालु दर्शनार्थ पहुंचे।

श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्वास्थ्य विभाग की टीमें निरंतर तैनात हैं तथा यात्रा मार्गों एवं पड़ाव स्थलों पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही संबंधित विभागों द्वारा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे यात्रा मार्ग स्वच्छ एवं व्यवस्थित बने रहें। सड़क मार्गों की निगरानी लगातार की जा रही है। जिला प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, सहज एवं सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *