देहरादून/नई दिल्ली
जून के इस उमस और बढ़ते गर्मी भरे महीने की शुरुआत के साथ आम लोगों को एक और महंगाई का झटका लग गया है। तेल कंपनियों की मासिक समीक्षा में 5 किलोग्राम वाले FTL (फ्री ट्रेड LPG) सिलेंडर की कीमत में 11 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है,और कमर्शियल सिलेंडर पर 42 रूपये बढ़ गए हैं। नई दरें 1 जून 2026 से लागू हो गई हैं।
कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में 5 किलो वाले FTL सिलेंडर की नई कीमत 821.50 रुपये हो गई है। इससे पहले यह सिलेंडर 810.50 रुपये में मिल रहा था।
FTL यानी फ्री ट्रेड LPG सिलेंडर आम घरेलू सब्सिडी वाले सिलेंडर से अलग होता है। इसका इस्तेमाल छोटे कारोबार, दुकानों, फूड स्टॉल, अस्थायी रसोई और यात्रा के दौरान अधिक किया जाता है। 5 किलो का यह सिलेंडर उन लोगों के लिए भी सुविधाजनक माना जाता है जिन्हें कम मात्रा में गैस की जरूरत होती है या जो बार-बार स्थान बदलते हैं।
तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG की कीमतों की समीक्षा करती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर दरों में बदलाव किया जाता है। हाल के दिनों में वैश्विक बाजार में ऊर्जा कीमतों पर दबाव बढ़ा है। मध्य पूर्व में जारी तनाव और सप्लाई को लेकर बनी चिंताओं का असर भी गैस बाजार पर देखने को मिल रहा है।
5 किलो वाले सिलेंडर की कीमत बढ़ने का सबसे ज्यादा असर छोटे दुकानदारों, चाय-नाश्ते के ठेलों, फूड वेंडर्स और छोटे व्यवसाईयों पर पड़ सकता है। हालांकि, 11 रुपये की बढ़ोतरी बहुत बड़ी नहीं लगती, लेकिन लगातार बढ़ती लागत के बीच यह छोटे कारोबारियों के खर्च को और बढ़ा सकती है। जिसकी वजह से होटल रेस्टोरेंट की खाने की थाली चाय नाश्ते पर इसका असर रेट बढ़ने से दिखाई दे सकता है।
हालांकि फिलहाल राहत की बात है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है,घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए तेल कंपनियों ने इसके दाम स्थिर रखे हैं।
तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है। नई दरों के अनुसार, दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये महंगा होकर अब 3113.50 रुपये का हो गया है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3255.50 रुपये पहुंच गई है. ये बदलाव 1 जून से प्रभावी होगा, जिससे होटल, रेस्तरां, ढाबा और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ सकता है।
इस मामले में बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले महीनों में अंतरराष्ट्रीय हालात के आधार पर LPG की कीमतों की फिर समीक्षा की जा सकती है।