मछली तालाब क्षेत्र में विकास कार्यों का मेयर सौरभ ने किया लोकार्पण, वॉकिंग ट्रैक समेत झूले आदि आम लोगों के लिए खुले – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

मछली तालाब क्षेत्र में विकास कार्यों का मेयर सौरभ ने किया लोकार्पण, वॉकिंग ट्रैक समेत झूले आदि आम लोगों के लिए खुले

देहरादून

नगर निगम देहरादून द्वारा वार्ड संख्या 40 स्थित सीमा द्वार मछली तालाब क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का महापौर सौरभ थपलियाल ने विधायक सविता कपूर एवं वार्ड पार्षद विनोद रावत के साथ लोकार्पण कर दिया।

नगर निगम द्वारा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से मछली तालाब परिसर में वॉकिंग ट्रैक का निर्माण कराया गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों को सुबह शाम भ्रमण की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो गई है। साथ ही क्षेत्र के बच्चों के मनोरंजन हेतु आधुनिक झूले आदि भी स्थापित किए गए हैं।

क्षेत्र की सुरक्षा एवं सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सड़क किनारे रेलिंग, सार्वजनिक उपयोग के लिए बेंच, राजकीय प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल तथा चार पुलियों पर लोहे के सुरक्षा जाल भी लगाए गए हैं।

इन कार्यों से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ नागरिकों एवं स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो गई है।

इस अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता में शामिल है। आने वाले समय में भी विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

विधायक सविता कपूर ने नगर निगम द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्रवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्रवासी, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *