देहरादून/उत्तरकाशी
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने आपदा स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर भटवाड़ी तहसील अंतर्गत दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग पर लापता हुई महिला ट्रेकर के रेस्क्यू अभियान की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक किए गए खोज एवं बचाव कार्यों, अभियान में लगाए गए संसाधनों, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती तथा प्रभावित क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला ट्रेकर की शीघ्र खोज सुनिश्चित करने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन में और अधिक तेजी लाई जाए तथा सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने अभियान को मजबूत बनाने के लिए आईटीबीपी और आर्मी की सहायता लेने के भी निर्देश दिए, ताकि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में खोज अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम से रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की जाए तथा अभियान से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि की नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी संभावित सुराग पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आज आपदा क्यूआरटी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एंव वन विभाग की टीमो द्वारा लापता महिला की खोज गोई कैंप से रैथल की तरफ अलग अलग दिशाओं में 5-5 किलोमीटर के दायरे मे सर्च अभियान किया गया। वर्तमान में खोज अभियान अभी जारी है।
