देहरादून/हरिद्वार
देहरादून से दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही एक महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो बस बुधवार तड़के हरिद्वार-दिल्ली रोड पर अचानक आग की चपेट में आ गई। घटना सुबह करीब चार बजे क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतारशाह से लगभग 200 मीटर पहले हुई।
बस में सवार 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस संख्या MP44 ZC 6994 देहरादून से दिल्ली-जयपुर के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में तकनीकी खराबी के चलते बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
हालांकि यात्रियों का अधिकांश सामान और लगेज बस में ही छूट गया था जो आग में जल गया।