बद्रीनाथ हाइवे पर हेलंग के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिरा ट्रक, छिटककर पेड़ में फंसे नेपाली मूल के चालक की मौत

देहरादून/गोपेश्वर

बद्रीनाथ हाइवे पर हेलंग के समीप एक ट्रक गहरी खाई में गिरने से उसके चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतक चालक का शव बरामद कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आईसर ट्रक संख्या UK 11 CA-1710 हेलंग के पास अनियंत्रित होकर करीब दो सौ मीटर से ज्यादा गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना के बाद वाहन बहकर नदी में जा पहुंचा।

वाहन खाई में गिरने की सूचना मिलते ही जोशीमठ से उपनिरीक्षक जगमोहन सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि वाहन में चालक अकेला सवार मौजूद था। वाहन गिरते समय हुई दुर्घटना के दौरान चालक वाहन से छिटककर लगभग 150 मीटर नीचे पहाड़ी में जा फंसा था और वाहन नीचे गिरकर नदी में बह गया था।

एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ के जवानों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक तक पहुंच बनाई। हालांकि तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। इसके बाद टीम ने शव को सुरक्षित बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपा।

मृतक चालक की पहचान नेपाल मूल के गोपाल सिंह (34 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस द्वारा पंचनामा एवं अन्य कानूनी कार्रवाई कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *