देहरादून
उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। आयोग ने कहा है कि मौसम विभाग द्वारा राज्य के कई पर्वतीय जनपदों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
आयोग के अनुसार रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में खराब मौसम की संभावना है। वहीं, नैनीताल जनपद में नीम करौली बाबा के वार्षिकोत्सव के चलते नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ सकता है।
इसके अलावा चारधाम यात्रा के कारण देहरादून, ऋषिकेश, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली मार्गों पर भी वाहनों की भारी आवाजाही रहने की संभावना जताई गई है। 13 और 14 जून को सप्ताहांत (वीकेंड) होने के कारण राज्य के मैदानी एवं पर्वतीय पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने से ट्रैफिक व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए आयोग ने दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा तिथि से एक दिन पूर्व ही अपने परीक्षा केंद्र वाले शहर में पहुंच जाएं तथा परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर लें। इससे परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा या देरी से बचा जा सकेगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए संबंधित जनपदों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थी स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर सकें।
14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को समय से पहले यात्रा की योजना बनाने और मौसम तथा यातायात संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।