अवकाश के दिन भी निगम हित एवं कार्मिक कल्याण को समर्पित रहे, यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी.ध्यानी ने ली HR और कर्मचारी हितों को लेकर बैठक – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

अवकाश के दिन भी निगम हित एवं कार्मिक कल्याण को समर्पित रहे, यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी.ध्यानी ने ली HR और कर्मचारी हितों को लेकर बैठक

देहरादून

उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के नव नियुक्त प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने पदभार ग्रहण करने के उपरांत निगम की कार्यप्रणाली में गति एवं पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से निरंतर स्कन्धवार समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। निगम के समग्र विकास, उपभोक्ता सेवाओं में सुधार तथा कर्मचारियों से जुड़े विषयों के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्री ध्यानी अवकाश के दिन भी पूर्णतः कार्यों में संलग्न रहे।

“मानव संसाधन से जुडे मुद्दों पर वृहद समीक्षा बैठक”

दिन के प्रथम सत्र में आयोजित बैठक में मानव संसाधन (एच०आर०) स्कन्ध से संबंधित विषयों एवं उपनल कार्मिकों के समान कार्य समान वेनत मामलों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निगम में लंबित विभागीय पदोन्नति (डी०पी०सी०) की समस्त प्रक्रियायें 31 जुलाई, 2026 तक पूर्ण की जाए, जिससे पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति का लाभ मिल सके। कर्मचारियों से संबंधित चिकित्सा प्रतिपूर्ति (Medical Reimbursement) के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी एक माह के भीतर लंबित मामलों की संख्या में कम से कम 50 प्रतिशत की कमी सुनिश्चित की जाए तथा शेष मामलों का भी निर्धारित समय-सीमा में सन्तोषजनक रूप से निस्तारण किया जाए।

 

“प्रस्तावित बोर्ड बैठक हेतु एजेण्डा मामलों पर समीक्षा”

 

इसके उपरांत प्रबंध निदेशक ने आगामी निदेशक मंडल (Board) की बैठक के दृष्टिगत आयोजित प्री-बोर्ड समीक्षा बैठक में निगम की विभिन्न परियोजनाओं, वित्तीय एवं प्रशासनिक विषयों तथा बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रस्ताव तकनीकी रूप से स्पष्ट, तथ्यों, नियमों एवं निगम के दीर्घकालिक हितों के अनुरूप सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से तैयार किया जाए।

“हाइड्रो इलेक्ट्रिक एम्प्लॉइज यूनियन द्वारा नवनियुक्त प्रबन्ध निदेशक का स्वागत एवं शिष्टाचार भेंट”

हाइड्रो इलेक्ट्रिक एम्प्लॉइज यूनियन की ओर से पी.सी. ध्यानी से शिष्टाचार भेंट कर उनको यूपीसीएल के स्थायी प्रबन्ध निदेशक के रूप में चयन होने पर औपचारिक बधाई दी गई तथा यूनियन की ओर आश्वसत किया गया कि मोर्चा का हर अधिकारी व कर्मचारी प्रबन्ध निदेशक, यूपीसीएल के साथ खड़ा है। इस अवसर पर यूनियन के प्रतिनिधियों ने निगम एवं कर्मचारियों के हित में उनके सफल कार्यकाल की कामना व्यक्त की। प्रबंध निदेशक ने भी कर्मचारी संगठनों के साथ सकारात्मक संवाद एवंसमन्वय बनाए रखते हुए निगम तथा कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों के समाधान हेतु संवेदनशील एवं रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आश्वासन दिया।

प्रबंध निदेशक ध्यानी ने कहा कि यूपीसीएल की प्रगति का आधार उसके अधिकारी एवं कर्मचारी हैं। उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान, पारदर्शी प्रशासन, उत्तरदायित्व आधारित कार्य संस्कृति तथा त्वरित निर्णय प्रक्रिया निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निगम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मिलने वालों में हाइड्रो इलेक्ट्रिक एम्प्लॉइज यूनियन की ओर से इंसारूल हक, अशोक टण्डन, राजमोहन सिंह बिष्ट, गोविन्द प्रसाद नौटियाल, जय प्रकाश पन्त, सुनील कुमार, विक्रम सिंह कण्डारी, विवेक सिंह, शमशेर अली, संजय और सतपाल आदि मौजूद रहे।

“आगामी काँवड यात्रा के दृष्टिगत तैयारी समीक्षा बैठक”

दिन के अन्तिम चरण में ध्यानी द्वारा आगमी सावन माह में प्रस्तावित काँवड यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई जिसमें मुख्य अभियन्ता (वितरण) गढ़वाल क्षेत्र एवं हरिद्वार क्षेत्र द्वारा सम्बन्धित अधीक्षण अभियन्ताओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। ज्ञातब्य हो कि यूपीसीएल द्वारा प्रत्येक वर्ष कॉवड यात्रा के दौरान काँवड यात्रा मार्ग (नहर पटरी) पर अस्थायी रूप से स्ट्रीट लाईट सहित विद्युत व्यवस्था से जुडे अन्य अवसंरचना कार्य किये जाते हैं। ध्यानी द्वारा आगामी काँवड यात्रा को सुचारू, सुरक्षित एवं दुर्घटना रहित बनाये जाने के लिये प्रस्तावित कार्यों का जायजा लेते हुए उन्हें ससमय तथा गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण कराये जाने हेतु सभी सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।

अवकाश दिवस पर भी लगातार बैठकों एवं समीक्षाओं के माध्यम से प्रबंध निदेशक द्वारा प्रदर्शित कार्यनिष्ठा एवं प्रतिबद्धता से यह स्पष्ट है कि वे निगम के विकास, कर्मचारियों के कल्याण तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *