AICC के आह्वाहन पर 27 जुलाई को दिल्ली में होने वाले धरना प्रदर्शन हेतु उत्तराखंड कांग्रेस के अनुसूचित और अल्पसंख्यक प्रदेश अध्यक्ष ने जारी की संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता

देहरादून

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग एवं अल्पसंख्यक विभाग द्वारा 27 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विशाल धरना एवं प्रदर्शन को सफल बनाने के उद्देश्य से आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल तथा अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अंसारी ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया।

दोनों नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, दलितों एवं अल्पसंख्यकों के विरुद्ध बढ़ रही घटनाओं, बेरोजगार युवाओं की अनदेखी, नीट परीक्षा सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा सामाजिक न्याय से जुड़े अनेक गंभीर मुद्दों के विरोध में यह विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड से भी हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन इस प्रदर्शन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार उत्तराखंड में अनुसूचित जाति की आबादी लगभग 18 प्रतिशत है, जबकि राज्य में अल्पसंख्यक समुदाय की आबादी लगभग 16.90 प्रतिशत है। इस प्रकार अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक समुदाय मिलकर राज्य की लगभग 35 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं।

उन्होंने कहा कि इन वर्गों की समस्याओं और अधिकारों की लगातार उपेक्षा की जा रही है।

दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के प्रति उदासीन रवैया अपनाया है। उन्होंने कहा कि दलितों एवं अल्पसंख्यकों पर अत्याचार की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है तथा सरकार इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, सामाजिक न्याय, समान अधिकार और कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है तथा आगे भी करती रहेगी।

इसी संकल्प के साथ उत्तराखंड से हजारों कार्यकर्ता 27 जुलाई को नई दिल्ली पहुंचकर विशाल धरना एवं प्रदर्शन में भाग लेंगे तथा केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव धर्मपाल घाघट महानगर महासचिव सईद अहमद जमाल जाकिर अंसारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *