यूएसनगर SSP अजय गणपति के निर्देशन में 72 घंटे के भीतर 19 साल की युवती की हत्या का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून/काशीपुर

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में महज 72 घंटे के भीतर कोतवाली पुलिस ने 19 साल की युवती कांति की हत्या का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी उधम सिंह नगर अजय गणपति ने बताया कि दिनांक 20.08.2026 की प्रातः धनौरी पट्टी, रामनगर रोड, काशीपुर में सड़क किनारे एक 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका सामने आई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने स्वयं घटना का संज्ञान लेते हुए काशीपुर पुलिस को ब्लाइंड मर्डर का शीघ्र एवं सफल अनावरण करने हेतु सख्त निर्देश दिए। घटना के अनावरण के लिए काशीपुर पुलिस द्वारा मृतका के घर से घटनास्थल तक जाने वाले संभावित सभी मार्गों को चिन्हित किया गया। पुलिस टीमों ने लगभग 200-250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहनता से अवलोकन किया।

सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना के समय चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड, केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाने वाले एक डम्पर को संदिग्ध पाया गया।

जांच के दौरान मृतका के मोबाइल नंबर सहित संदिग्ध व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर एवं लोकेशन का विश्लेषण किया गया। मृतका की लोकेशन घटना से कुछ समय पूर्व उसके घर के पास चैती मैदान में पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि मृतका ने दिनांक 20 अगस्त को प्रातः करीब 4ः35 बजे चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे 4ः38 बजे कैंसिल कर दिया गया था।

इसके बाद मृतका का मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में डम्पर चालक छोटे को सड़क पर पड़ा मिला। मोबाइल फ्लाइट मोड में था। पुलिस द्वारा मोबाइल की जांच एवं तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए घटना की कड़ियां लगातार जोड़ी गईं। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर डम्पर संख्या यूके 15 सीए1437 को संदिग्ध चिन्हित किया गया।

वाहन स्वामी से पूछताछ में पता चला कि घटना के दिन डम्पर को चालक राजू पुत्र ललित निवासी कचनाल गुसाई, थाना आईटीआई, ऊधम सिंह नगर चला रहा था तथा उसके साथ सुमित पुत्र राजू निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर, ऊधम सिंह नगर मौजूद था। पुलिस द्वारा दोनों से गहनता से पूछताछ की गई तो दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पूछताछ के दौरान राजू ने बताया कि 20 अगस्त की प्रातः वह अपने साथी सुमित के साथ खनिज सामग्री लेने क्रेशर की ओर जा रहा था। चैती मैदान के पास एक युवती ने डम्पर रुकवाया, जिसे दोनों ने डम्पर में बैठा लिया। कुछ आगे जाने के बाद राजू ने सुमित को डम्पर चलाने के लिए कहा और स्वयं युवती के पास बैठ गया। एकांत स्थान पर राजू ने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। युवती द्वारा विरोध करने पर उसके द्वारा पुलिस में रिपोर्ट करने की बात कही एवं उसने राजू के हाथ में दांत से काटने पर राजू ने डम्पर में रखे लोहे के हुक से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे युवती की डम्पर के अंदर ही मृत्यु हो गई। इसके बाद दोनों अभियुक्तों ने युवती के शव को सड़क किनारे फेंक दिया और क्रेशर से खनिज सामग्री भरने चले गए।

घटना के बाद मृतका का मोबाइल डम्पर में ही छूट गया था। पुलिस को गुमराह करने एवं मोबाइल किसी अन्य व्यक्ति को मिलने की स्थिति में शक की दिशा बदलने के उद्देश्य से अभियुक्तों द्वारा मोबाइल को ओंकार स्टोन क्रेशर से पहले सड़क पर रख दिया गया। लेकिन तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की सतत जांच ने अभियुक्तों की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

अभियुक्तों की निशानदेही पर डम्पर के अंदर से घटना में प्रयुक्त लोहे का हुक (आला ए कत्ल) तथा मृतका का बैग बरामद किया गया। बैग के अंदर मृतका का आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं आयुष्मान कार्ड, घटना के समय उनके द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार अभियुक्त –

1. राजू (39 वर्ष) पुत्र ललित, निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई, काशीपुर।

2. सुमित (19 वर्ष) पुत्र राजू, निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, काशीपुर।

बरामदगी –

1. घटना में प्रयुक्त डम्पर संख्या यूके 15 सीए-1437

2. घटना में प्रयुक्त लोहे का हुक (आला ए कत्ल)।

3. मृतका का मोबाइल फोन।

4. मृतका का बैग, जिसमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं आयुष्मान कार्ड बरामद।

5. घटना के समय अभियुक्तों द्वारा पहने गए कपड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *