देहरादून/उत्तरकाशी
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के अनुपालन में आगामी रक्षाबंधन सहित अन्य पर्वों के मद्देनजर सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) अश्वनी सिंह तथा सहायक नागेंद्र सिंह चौहान की संयुक्त टीम द्वारा पिछले 48 घंटों में जनपद मुख्यालय के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों भटवाड़ी मार्ग, मुख्य बाजार, बस अड्डा, माल रोड, भैरव चौक तथा कोर्ट परिसर क्षेत्र में खाद्य पदार्थों को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 24 मिष्ठान एवं किराना प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर 9 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। संग्रहित नमूनों में तीन प्रकार की मिठाइयां, दो प्रकार के खाद्य तेल, दो हल्दी पाउडर, एक पनीर एवं एक देशी घी शामिल हैं, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण हेतु राज्य खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। लैब से रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत दोषी विक्रेताओं के विरुद्ध विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) अश्वनी सिंह ने बताया कि वाहन के माध्यम से दूध एवं उससे बने उत्पादों का वितरण कर रहे एक आपूर्तिकर्ता की जांच करने पर उसके पास वैध खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया। उक्त व्यवसायी को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कड़े निर्देश दिये गया है, जिसके उपरांत नियमानुसार अग्रिम कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आम जनता को शुद्ध एवं मिलावट रहित सामग्रियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
