त्योहारी सीजन में खाद्य संरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, मिठाइयों से मिड-डे मील तक 32 नमूने भेजे जांच को – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

त्योहारी सीजन में खाद्य संरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, मिठाइयों से मिड-डे मील तक 32 नमूने भेजे जांच को

देहरादून

त्योहारी सीजन में आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने देहरादून जनपद में जांच अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने देहरादून के नवादा, माजरी माफी, रिंग रोड और विकासनगर-हरबर्टपुर क्षेत्र में मिठाई की दुकानों एवं विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता जांचने के लिए भी विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 32 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही उपभोक्ताओं को खाद्य सामग्री की ताजगी और उपयोग की अवधि के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराना है।

आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देशों के क्रम में मिठाई विक्रेताओं को खुले में बिक्री के लिए रखी गई मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से लिखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून रमेश सिंह ने सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना के नेतृत्व में नवादा, माजरी माफी और रिंग रोड क्षेत्र की विभिन्न स्वीट्स शॉप एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान चाहत स्वीट्स शॉप में मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि अंकित मिली। वहीं, आनंद स्वीट्स शॉप को मिठाइयों की ट्रे पर दोनों तिथियां स्पष्ट रूप से लिखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों से संदेह के आधार पर चिप्स की दो किस्मों, घी, मसालों और सरसों के तेल सहित पांच खाद्य नमूने लिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सरकारी विद्यालयों में भी निरीक्षण किया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय डांडा लंखोड़, नागल हटनाला, खुदानेवाला, नालापानी, राजकीय इंटर कॉलेज गुजराड़ा, नालापानी, राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल गुजराड़ा और राजकीय प्राथमिक माध्यमिक विद्यालय नागल हटनाला सहित आठ विद्यालयों में मिड-डे मील की जांच की। इस दौरान मिक्स सब्जी, दाल, चावल सहित विद्यार्थियों को परोसे जाने वाले तैयार खाद्य पदार्थों के कुल 24 नमूने लिए गए। इन नमूनों की जांच के माध्यम से भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा का आकलन किया जाएगा।

उधर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर संजय तिवारी ने हरबर्टपुर और विकासनगर क्षेत्र की विभिन्न मिठाई की दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। चार मिठाई की दुकानों पर ट्रे में रखी मिठाइयों की निर्माण तिथि और अवसान तिथि अंकित किए जाने की जांच की गई। दो दुकानों पर तिथियां अंकित नहीं पाए जाने पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा संदेह के आधार पर रस, चायपत्ती और गजक सहित तीन खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। विभाग के अनुसार सभी 32 नमूनों को राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय ने कहा

त्योहारी सीजन में आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए प्रदेशभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने और खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। खुले में बिक्री के लिए रखी जाने वाली मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित की जानी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थ की ताजगी और उपयोग की अवधि की जानकारी मिल सके। मिठाई विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। स्कूलों में विद्यार्थियों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण है। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *