देहरादून/बागेश्वर
बागेश्वर के भेटा गांव में 21 नवंबर को हुई सनसनीखेज वारदात के बाद 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुलिस को सफलता मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 21 नवंबर की शाम की है जिस समय भेटा गांव निवासी 75 वर्षीय तारा जोशी अपने घर पर थीं। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला का मुंह दबाकर उन्हें काबू में कर उनके गले से बक्से की चाबी छीन ली।
इसके बाद बक्से में रखे करीब डेढ़ तोले के सोने के मंगलसूत्र, 12 आने के सोने के झुमके, 25 से 30 हजार रुपये की नकद और मोबाइल फोन लूट लिया।
लूटपाट करने के बाद आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर और मुंह को साड़ी से बांधा और मौके से फरार हो गए। अकेली बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस वारदात ने क्षेत्र के लोगों में एक दहशत का माहौल बना दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेंद्र मेहरा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक कपकोट राजेश साह के पर्यवेक्षण में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच के साथ 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद 26 नवंबर की सुबह पुलिस को सफलता मिली। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खाती-बांसपटान रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बरामदगी में डेढ़ तोले का सोने का मंगलसूत्र, सोने के झुमके, आईटेल मोबाइल फोन और 18,700 रुपये नकद बरामद किए हैं।