उत्तराखंड में ₹732.78 करोड़ की 11 पेयजल योजनाओं के टेंडरों में कथित गड़बड़ियों को लेकर राज्य स्वराज पार्टी ने मुख्य सचिव को सौंपा शिकायत पत्र – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

उत्तराखंड में ₹732.78 करोड़ की 11 पेयजल योजनाओं के टेंडरों में कथित गड़बड़ियों को लेकर राज्य स्वराज पार्टी ने मुख्य सचिव को सौंपा शिकायत पत्र

देहरादून

उत्तराखंड पेयजल निगम की विश्व बैंक पोषित 11 पेयजल योजनाओं, जिनकी कुल अनुमानित लागत लगभग ₹732.78 करोड़ है, की निविदा प्रक्रिया में सामने आई कथित अनियमितताओं, टेंडर फिक्सिंग की आशंका, कमीशनखोरी एवं अधिकारियों-ठेकेदारों की संभावित मिलीभगत के मामले को लेकर राज्य स्वराज पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन से मुलाकात कर विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा है।

इस चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में राज्य स्वराज पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र सिंह बिष्ट, वरिष्ठ नेता ललित श्रीवास्तव उत्तराखंडी, महानगर अध्यक्ष सुमित अग्रवाल एवं युवा नेता दिव्यांश बिष्ट शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव के समक्ष पूरे प्रकरण को गंभीरता से रखते हुए मांग की कि ₹732.78 करोड़ की सार्वजनिक धनराशि से जुड़ी इन 11 पेयजल योजनाओं की निविदा प्रक्रिया की स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि प्रदेश की जनता के धन का किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न हो सके।

 

टेंडर खुलने से पहले ही ठेकेदारों के नाम सामने आने पर गंभीर सवाल उठाये

हैं।

यदि निविदा खुलने से पहले ही यह जानकारी उपलब्ध थी कि किस योजना का काम किस कंपनी अथवा ठेकेदार को मिलने वाला है, तो यह पूरी निविदा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पार्टी ने मांग की है कि इस बात की जांच हो कि संबंधित जानकारी किस स्तर से और किस आधार पर सार्वजनिक हुई तथा क्या निविदा प्रक्रिया वास्तव में निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित की गई।

शिकायत पत्र में प्रस्तुत शिकायतों के आधार पर कुछ इच्छुक ठेकेदारों से लगभग 12 प्रतिशत एडवांस कमीशन मांगे जाने के गंभीर आरोपों का भी उल्लेख किया गया है।

राज्य स्वराज पार्टी का कहना है कि यदि इन आरोपों में सत्यता पाई जाती है तो यह केवल भ्रष्टाचार का मामला नहीं होगा, बल्कि सरकारी धन और प्रदेश की महत्वपूर्ण जनहितकारी परियोजनाओं को प्रभावित करने वाला गंभीर आर्थिक अपराध हो सकता है।

पार्टी ने इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराकर संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों को सामने लाने की मांग की है।

शिकायत में 13 नवंबर 2026 के पेयजल निगम कार्यालय ज्ञापन में अनुमानित लागत के मुकाबले अधिकतम 10 प्रतिशत तक Variation के प्रावधान का भी उल्लेख किया गया है।

पार्टी ने सवाल उठाया है कि इस प्रावधान का वास्तविक उद्देश्य क्या है, इसका उपयोग किन परिस्थितियों में किया जाएगा और क्या इसके माध्यम से किसी विशेष ठेकेदार या कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाने की संभावना है।

इसके अतिरिक्त 11 योजनाओं की तकनीकी एवं वित्तीय निविदाओं, Comparative Statement, पात्रता संबंधी दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए गए हैं।

तकनीकी शर्तों एवं अंतिम तिथि में बदलाव की जांच की मांग की है।

शिकायत पत्र में Itron कंपनी के वाटर मीटर की Authorization Letter संबंधी अनिवार्यता तथा रानी पोखरी ग्रांट योजना में अंतिम समय पर निविदा की तिथि बढ़ाए जाने जैसे विषयों को भी जांच के दायरे में लाने की मांग की गई है।

पार्टी ने मुख्य सचिव के सामने रखीं सात प्रमुख मांगों पर तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया है।

सचिव पेयजल एवं सचिव कार्मिक-सतर्कता को भी भेजी शिकायत की प्रतिलिपि

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को शिकायत पत्र सौंपने के साथ ही इसकी प्रतिलिपि सचिव, पेयजल तथा सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग को भी प्रेषित की है, ताकि संबंधित विभागों के स्तर पर भी मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

ज्ञापन में स्पष्ट किया कि पार्टी का उद्देश्य किसी व्यक्ति, अधिकारी अथवा कंपनी को बिना जांच दोषी ठहराना नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनता के करोड़ों रुपये की लागत से संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

पार्टी ने शासन से मांग की है कि शिकायत में उठाए गए प्रत्येक सवाल का बिंदुवार जवाब दिया जाए और मामले की समयबद्ध निष्पक्ष जांच कराई जाए।

पार्टी ने चेतावनी दी कि प्रदेश की जनता के धन से किसी भी प्रकार का कथित भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी अथवा टेंडर फिक्सिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी यदि इस प्रकरण में कोई अनियमितता सामने आती है, तो पार्टी दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होने तक अपनी आवाज बुलंद करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *