कार में ड्यूटी से लौटते वन दरोगा की भीषण दुर्घटना में हुई मौत,पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज – Latest News Today, Breaking News, Uttarakhand News in Hindi

कार में ड्यूटी से लौटते वन दरोगा की भीषण दुर्घटना में हुई मौत,पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

देहरादून/टिहरी

चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर धनोल्टी के समीप ड्यूटी से घर लौट रहे वन दरोगा के दोपहिया वाहन को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में वन दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए चंबा के चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जिसके बाद चम्बा पुलिस की टीम ने सर्च अभियान बढ़ा दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नरेंद्रनगर वन प्रभाग की सकलाना रेंज में तैनात वन दरोगा प्यार चंद रमोला, उम्र 48 वर्ष, निवासी सौड़ गांव, चंबा शनिवार देर शाम सकलाना से अपने दोपहिया वाहन पर सवार होकर घर लौट रहे थे।

इसी दौरान धनोल्टी के समीप चंबा की ओर से जा रही एक कार को पास देते समय दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। भीषण टक्कर के चलते वन दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही घायल वन दरोगा को उपचार के लिए चंबा स्थित चिकित्सालय पहुंचाया गया, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

वन दरोगा प्यार चंद रमोला की मौत से वन विभाग में भी शोक का माहौल है।

चंबा थाना अध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *