देहरादून
शनिवार से प्रशासकों के हवाले हो जाएगा, नगर निकायों का कार्यकाल खत्म होने को लेकर शासन ने आदेश जारी कर दिए हैं, जिलाधिकारियों को सौंपा गया है प्रशासक का जिम्मा।
हालंकि इसके बाद में निकायों के चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव की स्थिति न बन पाने पर निकायों को छह माह के लिए प्रशासकों के हवाले किया जाना है। इस बार 97 नगर निकायों में चुनाव की स्थिति न बन पाने को देखते हुए शासन ने अब वहां प्रशासक नियुक्त करने के आदेश कर दिए हैं।
प्रमुख सचिव शहरी विकास रमेश कुमार सुधांशु की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिन नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायतों का कार्यकाल एक दिसंबर को खत्म हो रहा है, उनमें दो दिसंबर से अग्रिम आदेशों तक जिलाधिकारी प्रशासक होंगे।
नगर निकायों का पांच वर्ष का कार्यकाल आज पूरा हो गया है। प्रमुख सचिव शहरी विकास आरके सुधांशु ने बताया कि नगर निगम रुड़की का चुनाव बाद में हुआ था, वहां केवल मेयर पद का चुनाव होना है। बाकी बोर्ड पूर्व की भांति ही कार्यरत रहेगा। वहीं, नगर पालिका श्रीनगर के उच्चीकरण के बाद नगर निगम बनने के चलते वहां भी प्रशासक नहीं होगा। बाकी देहरादून नगर निगम समेत सभी निगमों, पालिकाओं, नगर पंचायतों में दो दिसंबर से प्रशासक तैनात हो जाएंगे।
प्रशासक के तौर पर सभी जिलों के जिलाधिकारियों को तैनात किया गया है। अभी नगर निकाय के चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची तैयार करने का काम किया जा रहा है। उधर, एकल सदस्यीय समर्पित आयोग की ओर से ओबीसी का सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है। इसके बाद ही निकाय चुनाव हो पाएंगे।