दून के नगर आयुक्त से विधायक की अभद्रता को लेकर निगम कर्मियों के साथ ही आईएएस एसोसिएशन भी उतरी विरोध में

देहरादून

दून नगर निगम के नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ विधायक सल्ट महेश जीना द्वारा किये गए व्यवहार को लेकर आईएएस एसोसिएशन ने अमर्यादित करार देते हुए उनके इस कृत्य की निंदा की है।


बताते चलें कि मंगलवार को विधायक महेश जीना अपने एक परिचित के टेंडर संबंधी सिलसिले में देहरादून नगर निगम गए थे। इस दौरान टेंडर की फ़ाइल को लेकर उनकी नगर आयुक्त गौरव कुमार से नोकझोंक हो गयी। इसका वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया वायरल हो गया। इस वीडियो में विधायक नगर आयुक्त से अमर्यादित व्यवहार करते हुए साफ नजर आ रहे थे। बात जब बढ़ गई तो नगर आयुक्त आईएएस गौरव कुमार ने भी तैश में अपने इस्तीफे की बात कह दी। विधायक के इस अमर्यादित
व्यवहार से आक्रोशित निगम कर्मचारियों ने मंगलवार को ही विधायक द्वारा माफी मांगे जाने तक हड़ताल का ऐलान कर डाला।
मामले का संज्ञान मुख्यमंत्री धामी ने भी लिया और गढ़वाल कमिश्नर को जांच के निर्देश कर दिए।
इधर, बुधवार को आईएएस एसोसिएशन भी नगर आयुक्त के समर्थन में उतर गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष अपर मुख्य सचिव आनंद वर्धन एवं सचिव अरविंद हयांकी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि विगत दिवस नगर निगम कार्यालय, देहरादून में विधायक सल्ट महेश जीना द्वारा नगर निगम कार्यालय में कर्मचारियों/अधिकारियों तथा नगर आयुक्त के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अमर्यादित व्यवहार किया गया।
नगर निगम कार्यालय द्वारा टेण्डर के सम्बन्ध में विधिक प्रकिया के सम्बन्ध में विधायक द्वारा टेण्डर को अपने परिजन के पक्ष में प्रभावित करने हेतु अनुचित दबाव डाला गया, साथ ही सरकारी कार्य में अनुचित हस्तक्षेप किया गया तथा कार्यालय के कार्य-वातावरण में प्रतिकूल प्रभाव डाला गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार का अमर्यादित कृत्य जहाँ एक ओर कार्यपालिका की विधिक प्रकियां में अवैध हस्तक्षेप करता है, साथ ही कर्मचारियों/अधिकारियों के मनोबल पर कुप्रभाव डालता है। आई.ए.एस. एसोसिएशन इस कृत्य की घोर निन्दा करता है।
हालांकि बुधवार को भी निगम कर्मचारियों द्वारा हड़ताल जारी रखी गई,वहीं उनके समर्थन में सफ़ाई कर्मचारियों को भीं उतरना पड़ा और शहर का कूड़ा उठान नहीं हो पाया और न ही निगम में अन्य कोई सरकारी काम हो पाए इससे आमजन परेशान नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.