21 सितंबर को शपथ लेने वाली आतिशी मार्लेना दिल्ली की तीसरी महिला और AAP की होंगी पहली महिला सीएम,LG ने दिया सरकार बनाने का आमंत्रण

देहरादून/ नई दिल्ली

देश कि राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) की नई सरकार का गठन 21 सितंबर को होने जा रहा है, जिसमें पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है।

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना आतिशी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। इस अवसर पर कई आम आदमी पार्टी के विधायकों को मंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी।

शपथ समारोह में आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी उपस्थित रहेंगे। आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी उनसे पहले भाजपा की सुषमा स्वराज और कांग्रेस की शीला दीक्षित भी दिल्ली की सीएम रह चुकी हैं। हालांकि आतिशी आम आदमी पार्टी की पहली महिला नेता हैं, जो मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।

आतिशी ने मंगलवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर चुकी हैं। इसके बाद, उपराज्यपाल ने आतिशी को सरकार बनाने का आमंत्रण दे दिया है।

सूत्रों के अनुसार केजरीवाल सरकार में जिन नेताओं को मंत्री के रूप में शामिल किया गया था, वे पुनः मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इसके अलावा, दो नए विधायकों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है जिनमें से एक दलित समुदाय से होगा।

आतिशी सरकार में गोपाल राय, इमरान हुसैन, कैलाश गहलोत और सौरभ भारद्वाज के पुनः मंत्री बनने की संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि, इस पर पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। दिल्ली में कुल सात मंत्रियों को नियुक्त किया जा सकता है, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल भी शामिल होंगे।

मंगलवार को अरविंद केजरीवाल दिल्ली के उपराज्यपाल से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे चुके हैं। इस्तीफा देने से पूर्व ही आम आदमी पार्टी की विधायिका की बैठक मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर बुलाई गई थी, जिसमें केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद के लिए आतिशी मार्लेना के नाम की प्रस्तावना की थी। इसके बाद, विधायकों ने सर्वसम्मति से आतिशी के नाम को मुख्यमंत्री के पद के लिए स्वीकृत किया।

भावी सीएम आतिशी ने पार्टी मैक्रेहट हुए शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। दिल्ली में शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए कई योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत की है। उनकी नेतृत्व क्षमता और उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता ने उन्हें पार्टी के भीतर उनको एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाया है। अब मुख्यमंत्री के रूप में उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।

वहीं दिल्ली के सीएम रहते हुए अरविंद केजरीवाल ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान दिल्ली में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को लागू किया और शिक्षा, स्वास्थ्य, जल, और बिजली जैसे क्षेत्रों में सुधार की दिशा में कई कदम उठाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.