रुद्रप्रयाग में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गिरा बोल्डर और मलबा ,प्रशासन ने आवाजाही अस्थायी रूप से की स्थगित

देहरादून/रुद्रप्रयाग

पहाड़ हों या मैदान हर तरफ हो रही लगातार बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा मार्ग पर जंगलचट्टी स्थित भैरवनाथ मंदिर के समीप पहाड़ी से विशाल बोल्डर और मलबा गिरने के कारण पैदल मार्ग बाधित हो गया।

हालांकि घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात अचानक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे, जिससे यात्रा मार्ग पर खतरा पैदा हो गया। हालांकि घटना में किसी तीर्थयात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन संभावित जोखिम को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल यात्रा रोकने का निर्णय लिया। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं और मार्ग से बोल्डर एवं मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, मार्ग का निरीक्षण कर उसे पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें और मौसम एवं यात्रा से संबंधित आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। बारिश के चलते संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं की आशंका बनी हुई है, इसलिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *