सीएम धामी ने बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय को जोशीमठ आपदा के लिए अपना प्रतिनिधि किया नियुक्त,शासन ने पत्र किया जारी

देहरादून

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने भेंट की।

उन्होंने जोशीमठ में भूधंसाव क्षेत्र में प्रभावितों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 5 लाख रुपए का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा। यह धनराशि श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष श्री किशोर पंवार के एक माह के वेतन तथा अधिकारियों व कर्मचारियों के एक दिन के वेतन से दी गई। इस अवसर पर श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति मुख्य कार्यकारी अधिकारी योगेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे।

हालांकि आज ही शासन द्वारा जारी किए गए पत्र में BKTC अध्यक्ष अजेंद्र अजय को जनपद चमोली के जोशीमठ में हो रहे भू-धँसाव के दृष्टिगत वहां पर चलाए जा रहे राहत एवं पुनर्वास सम्बन्धी कार्यों के पर्यवेक्षण हेतु सीएम धामी के विशेष प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया है।

जारी किए गए आदेश में उनसे यह भी अपेक्षा की गयी है कि वे समय-समय पर आपदा प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर शासन एवं प्रशासन से आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए जोशीमठ में चल रहे विभिन्न राहत कार्यों के सम्बन्ध में प्रत्येक दिवस मुख्यमंत्री के कैम्प कार्यालय को वस्तुस्थिति से अवगत करायेंगे। इस हेतु BKTC अध्यक्ष अजेंद्र अजय को किसी भी प्रकार का कोई अतिरिक्त वेतन-भत्ता देय नहीं होगा। इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *