सीएम धामी साधारण नहीं, धाकड़ धामी के बजाए उन्हें धुरंधर धामी कहना चाहिए,सरकार के 4 साल ऐतिहासिक,चार साल में चौका मारा है, अब छह साल में मारेंगे छक्का

देहरादून/हल्द्वानी

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को हल्द्वानी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और प्रदेश सरकार के कार्यों की जमकर सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा की उन्होंने कहा कि, धामी साधारण नहीं, धाकड़ धामी हैं, बल्कि अब उन्हें धुरंधर धामी कहना चाहिए।

रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोग स्वभाव से शांत और सौम्य होते हैं, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर वे अटलता और दृढ़ता का परिचय भी दे देते हैं। उन्होंने धामी सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, “चार साल में चौका मारा है, अब छह साल में छक्का भी मारेंगे।”

वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने खाड़ी और पश्चिमी एशिया में जारी संघर्ष पर चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है, जिसका प्रभाव सभी देशों पर पड़ सकता है। हालांकि उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में भारत अब तक सुरक्षित और संतुलित स्थिति में है। उन्होंने कहा कि युद्ध का समाधान केवल संवाद और कूटनीति के माध्यम से ही संभव है और आज विश्व भारत की बात को गंभीरता से सुन रहा है।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य गठन के शुरुआती वर्षों में संसाधनों की कमी की चर्चा होती थी, लेकिन अब उत्तराखंड तीव्र गति से विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने चारधाम सर्व मौसम सड़क परियोजना को यात्रा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम होगी तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि, तपोभूमि और वीरभूमि बताते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

समान नागरिक संहिता को साहसिक और दूरदर्शी निर्णय बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक समरसता को मजबूती मिलेगी। साथ ही अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध चल रही कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में बड़े स्तर पर अवैध कब्जे हटाए गए हैं।

कुमाऊं क्षेत्र के विकास को पूरे राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने जमरानी बांध परियोजना को हल्द्वानी और तराई क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक बताया, जिसे वर्तमान सरकार ने गति प्रदान की है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले घोटालों पर पर्दा डाला जाता था, लेकिन अब भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने भी सभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की जनसंरचना में बदलाव को कांग्रेस की नीतियों का परिणाम बताते हुए उनकी सरकार ने इस विषय पर अपना पक्ष मजबूती से रखा है और आज उसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार के जनसंरचना परिवर्तन के प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अपने चार वर्षों के कार्यकाल को बेहतर प्रबंधन का उदाहरण बताते हुए कहा कि सरकार ने विकास, कानून व्यवस्था और पारदर्शिता के क्षेत्र में प्रभावी कार्य किया है।

उन्होंने सख्त नकल विरोधी कानून, जमरानी बांध परियोजना तथा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। साथ ही कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार राज्य को संतुलित और व्यवस्थित विकास की दिशा में आगे बढ़ा रही है।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *