देहरादून
डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून की पूर्व छात्रा उन्नति शर्मा ने राष्ट्रमंडल खेलों की महिला 63 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश, उत्तराखंड और अपने विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
उन्नति शर्मा ने विद्यालय में कक्षा छह से जूडो का प्रशिक्षण प्रारंभ किया था। अपनी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर कठिन परिश्रम के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतना उनके खेल जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
उन्नति की इस सफलता पर राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला आदि द्वारा विधान सभा के निकट स्वागत किया गया।
वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल में प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी, के साथ ही विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया, जूडो कोच पुनेश ठाकुर, जूडो के राष्ट्रीय कोच सतीश शर्मा तथा विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया। सभी ने उन्नति को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने कहा कि उन्नति शर्मा की यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है और यह सिद्ध करती है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।

