डीजीपी अशोक कुमार ने SDRF की पर्वतारोहण टीम को माउंट गंगोत्री-1 (21889 फीट) सफल आरोहण पर किया सम्मानित

देहरादून

पुलिस मुख्यालय सभागार में पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने एस.डी.आर.एफ. की पर्वतारोहण टीम को माउंट गंगोत्री प्रथम (21889 फीट) आरोहण करने पर सम्मानित किया।

एसडीआरएफ की पर्वतारोहण टीम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया था। माउंट गंगोत्री-I पर्वतारोहण अभियान पर रवाना इस टीम ने अनेक चुनौतियों को पार कर 29 सितम्बर को गंगोत्री-I को फतह कर कीर्ति पताका फहराया था।

गंगोत्री-I को फतह करने वाली यह उत्तराखण्ड पुलिस की पहली टीम रही। उत्तराखण्ड पुलिस में प्रथम बार पर्वतारोहण टीम की कमान एक महिला अधिकारी को दी गई थी। दो महिला आरक्षी भी इस टीम का अहम हिस्सा रही।

डीजीपी अशोक कुमार ने टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनके द्वारा टीम के अद्वितीय साहस की सराहना करते हुए कहा कि पर्वतारोहण को परम साहसिक व जोखिम से भरा माना जाता है। एसडीआरएफ पर्वतारोहण दल द्वारा माउंट गंगोत्री-I को फतह कर उत्तराखण्ड पुलिस का नाम रोशन किया है। डीजीपी ने पर्वतारोहण टीम को 20 हजार का इनाम एवं मेडल देने की घोषणा भी की।

पुलिस उप महानिरीक्षक एसडीआरएफ रिद्धिम अग्रवाल ने बताया माउंट गंगोत्री-I पर्वतारोहण अभियान से एसडीआरएफ जवानों द्वारा उच्च तुंगता प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ ही उच्च तुंगता क्षेत्र में प्रतिबंधित वस्तुओं एवं हानिकारक कूड़े का निस्तारण कर आम जनमानस को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। जिसके लिए एसडीआरएफ टीम बधाई की पात्र है।

सेनानायक एसडीआरएफ नवनीत सिंह ने एसडीआरएफ की इस विशिष्ट उपलब्धि को गौरवान्वित करने वाला अध्याय बताया। इस अभियान के बाद एसडीआरएफ ने उच्च तुंगता क्षेत्रों में अपनी रेस्क्यू क्षमता व कार्यकुशलता को बढ़ाया है। इस अभियान के माध्यम से प्रशिक्षित हुए जवानों ने माउंट त्रिशूल में नौ सेना के पर्वतारोही दल के रेस्क्यू में, माह अक्टूबर में राज्य में आई आपदा में हर्षिल, सुन्दरढूंगा, कफनी, पिण्डारी ग्लेशियर इत्यादि उच्चतुंगता क्षेत्र में अत्यंत जटिल रेस्क्यू कर अपनी विकसित कार्यकुशलता का उत्कृष्ट परिचय दिया है

Leave a Reply

Your email address will not be published.