देहरादून/हरिद्वार
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत हरिद्वार के श्यामपुर कांगड़ी में आयोजित वन गुर्जरों के हकों की महापंचायत में शामिल हुए। टोल प्लाजा बहादराबाद पर बड़ी संख्या में मौजूद किसानों ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा में टिकैत ने आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि हरिद्वार आ रहे शिवभक्तों के साथ किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार या धक्का-मुक्की नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार आस्था का केंद्र है, इसलिए प्रशासन श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाए।
वहीं, शिवभक्तों से भी अपील की कि वे अत्यधिक वजन वाली कांवड़ लेकर यात्रा न करें, क्योंकि इससे उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न होनी चाहिए।
