देहरादून
दून के बाढ़ और पुश्ता (तटबंध) टूटने से प्रभावित परिवारों ने सोमवार को ‘बस्ती बचाओ आंदोलन’ के अंतर्गत डीएम देहरादून कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पीड़ितों को तत्काल राहत, पारदर्शी मुआवजा वितरण और क्षतिग्रस्त पुश्तों के स्थायी निर्माण की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में संयोजक अनन्त आकाश, विप्लव अनन्त, शहजादी, साहिन, फुरकाना, मेसर, फरीदा, कमरजहां, मजलूम, असरून, इकराम, तौफिका, सुशीला, इकबाल, हिदायत, सोनी, इसराईफल, बसन्त कुमार, शबनम सहित बड़ी संख्या में प्रभावित लोग मौजूद थे।
ज्ञापन में कहा गया है कि गांधीग्राम, लोहियानगर, ब्रह्मपुरी, देवर्षि एन्क्लेव, खुडबुडा मौहल्ला और संगम विहार सहित कई क्षेत्रों में पुश्ता टूटने और बाढ़ से भारी तबाही हुई है। प्रभावितों ने बताया कि जिले में 3 भवन पूर्ण रूप से और 136 आवास आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
प्रभावित परिवारों की ओर से निम्नलिखित मांगें रखी गईं…
1. तत्काल सर्वेक्षण एवं राहत: प्रभावित क्षेत्रों का राजस्व विभाग/तहसील स्तर से तत्काल सर्वेक्षण कराकर पीड़ितों को राहत सामग्री एवं आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
2. पारदर्शी मुआवजा वितरण: मुआवजा वितरण किसी राजनैतिक दल, जनप्रतिनिधि अथवा पार्षद के माध्यम से न करके पूर्णतः राजस्व विभाग/तहसील के माध्यम से किया जाए। पूर्ण क्षतिग्रस्त मकान, आंशिक क्षतिग्रस्त मकान एवं सामान बह जाने की अलग-अलग दरें निर्धारित की जाएं।
3. पुराने मामलों का निस्तारण: सूची में कई परिवार (क्र. 6, 7, 11, 12) वर्ष भर से किराये के मकानों पर रह रहे हैं। इनके मुआवजे का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
4. पुश्ता निर्माण/मरम्मत: क्षतिग्रस्त पुश्तों का स्थायी समाधान करने हेतु ठोस कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
ज्ञापन में कहा गया कि कांवली रोड की स्थिति में सुधार की भी मांग की गई।
ज्ञापन जिलाधिकारी की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट तिवारी ने लिया तथा आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि ‘बस्ती बचाओ आंदोलन’ पिछले कई वर्षों से बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास और तटीय क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवाज उठाता रहा है। आंदोलन के संयोजक अनन्त आकाश ने पहले भी मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और मेयर को ज्ञापन देकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
संलग्न प्रभावित परिवारों की सूची (क्षेत्रवार) में गांधीग्राम से 5, संगम विहार से 4, लोहियानगर/ब्रह्मपुरी/निरंजनपुर से 7, देवर्षि एन्क्लेव से 5 और खुडबुडा मौहल्ला से 2 परिवार शामिल हैं। इनमें हिदायत, रहीम, तस्लीमा, अनवरी बेगम, तोफिका, हेमादेवी, पूजा सोनकर, अनिता सोनी, अशोक कुमार सोनी, मैहसूर खातून, शहजादी, शाहिन, इकराम, अकबर अली, फुरकाना, बुन्दिया, हुसनजहां, मौ. तारिफ/आसिफ, शत्रु साहनी, रामतेज यादव, मौ. असलम, असरून खातून, सुनीता देवी और बसंत कुमार सिंह जैसे पीड़ित परिवार शामिल हैं।
