11वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए मुझे फख्र हो रहा है,राज्य में खेल कोटा पुनः प्रारंभ होगा… सीएम धामी

देहरादून

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पुलिस लाइन, देहरादून में 11वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खेल कोटा पुनः प्रारंभ करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न राज्यों एवं सशस्त्र बलों से पहुंचे तीरंदाज खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत की धरती तीरंदाजी की जननी रही है। तीरंदाजी जिसे भारतीय संस्कृति में धनुर्विद्या के नाम से जाना जाता रहा है, प्रमुख खेल होने के साथ ही युद्ध कला की एक प्राचीन विद्या भी रही है। त्रेतायुग में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और भगवान परशुराम की धनुर्विद्या की बात करें या द्वापर युग में भीष्म, अर्जुन, कर्ण और वीर अभिमन्यु की धनुर्विद्या की बात करें, हमारा इतिहास महान योद्धाओं और वीर धनुर्धरों की वीरता और धनुर्विद्या का साक्षी रहा है। देहरादून की महान धरती तो स्वयं में महान धनुर्धर गुरु द्रोण की तपस्थली रही है। इस प्रतियोगिता का आयोजन देहरादून में होना अपने आप में गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में समृद्ध खेल संस्कृति का विकास हो रहा है जिसके परिणामस्वरूप हमारे खिलाड़ियों द्वारा विभिन्न खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहनीय प्रदर्शन किया जा रहा है। राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए नई खेल नीति को लागू की गई है। खेल नीति में खिलाड़ियों के उन्नयन और उनके बुनियादी सुविधाओं के लिए व्यवस्था की गई है। खेल व्यक्ति के चहुंमुखी विकास के लिए लाभदायक हैं। खेल हमें समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन और समूह में कार्य करने की प्रेरणा भी देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के क्षेत्र में हमारे युवाओं द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि उत्तराखण्ड में अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार हो रहा है। इस आयोजन में 19 राज्यों की पुलिस टीम समेत सशस्त्र बलों को मिलाकर कुल 26 टीमों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। 14 से 19 दिसम्बर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कुल 316 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें 196 पुरुष और 120 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

11वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी चैंपियनशिप 2022 में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की 26 टीमें (आन्ध्र प्रदेश, असम, बिहार, छत्तिसगढ़, हरियाणा, मेघा सेक्सलय, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडू, झारखण्ड, महाराष्ट्र, मनिपुर, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, नागालैण्ड, गुजरात, उत्तराखण्ड, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, एसएसबी एवं असम राइफल्स) हिस्सा ले रही हैं। 6 दिवसीय चैंपियनशिप (14 से 19 दिसम्बर, 2022) में 316 पुरुष और महिला तीरंदाज तीरंदाजी की विभिन्न श्रेणियों- रिकर्व, कंपाउंड और भारतीय वर्गों एवं रैंकिंग सहित पदक/व्यक्तिगत/टीम और मिश्रित आदि स्पर्धाओं में भाग लेंगे। प्रतियोगिता में कई राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी भी प्रतिभाग कर रहे हैं जिनमे अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित राजस्थान के पुलिस उपाधीक्षक रजत चौहान, ईशम्बी देवी, हिमानी बोरा, भाग्यवती चानू, प्राची सिंह, सर्वेश पारिख, आशारानी, पवन खालको आदि हैं।

इस अवसर पर विधायक कैंट सविता कपूर, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, उत्तराखण्ड आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र तोमर, सहित अपर पुलिस महानिदेशक, पीएसी पी वी के प्रसाद,अमित सिन्हा, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस दूरसंचार/वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तराखण्ड पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था वी मुरूगेशन, पुलिस महानिरीक्षक, अभिसूचना एवं सुरक्षा ए पी अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक, पी/एम विम्मी सचदेवा, पुलिस महानिरीक्षक पुलिस दूरसंचार विमला गुंज्याल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.